जमशेदपुर, बुधवार, 9 अप्रैल, 2025 – जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में आज बुधवार को उस समय तनाव फैल गया जब स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस पर एक गर्भवती महिला के साथ बदसलूकी और धक्का-मुक्की करने का आरोप लगाया। यह घटना टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास संकटा सिंह पेट्रोल पंप के समीप वाहन चेकिंग के दौरान हुई।
घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोग बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और ट्रैफिक पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी करने लगे। प्रदर्शनकारियों के हंगामे के कारण गोलचक्कर और उसके आसपास लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह से ठप हो गया। यह स्थिति लगभग आधे घंटे तक बनी रही, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
आरोप है कि ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने चेकिंग के दौरान गर्भवती महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें धक्का भी दिया। इस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग एकजुट हो गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे।
फिलहाल, पुलिस प्रशासन की ओर से इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। स्थानीय लोग मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हंगामे के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है।
Rajesh Mohan Sahay