प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपनी पार्टी की अप्रत्याशित जीत पर कार्यकर्ताओं को संबोधन की शुरुआत दिल्ली के अस्तित्व यमुना मैया को नमन करते हुए यह संदेश देने का प्रयास किया कि दिल्ली की विरासत यमुना नदी की पीड़ा को जल्द ही दूर करने जा रहे हैं। इसके अलावे राजनीति में शार्टकट को शार्टसक्रिट बताया एवं काग्रेस और आप पर जमकर हल्ला बोला और मोदी की गारंटी मतलब पुरी होने की पुरी गारंटी बताया।
संजय कुमार विनीत : प्रधानमंत्री ने आप पर हमला करते हुए कहा कि हम लोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना देवी को प्रणाम करते हैं लेकिन, उसी यमुना की इन लोगों ने कैसी दुर्दशा कर दी है। दिल्ली का तो अस्तित्व ही मां यमुना की गोद में पनपा है। दिल्ली के लोग यमुना की इस पीड़ा को देखकर कितना आहत होते रहे हैं! लेकिन दिल्ली की आप-दा ने इस आस्था का अपमान किया। दिल्ली का जनादेश सिर्फ विकास के लिए नहीं है, बल्कि इसकी विरासत की समृद्धि के लिए भी है। मां यमुना हमारी आस्था का केंद्र बताते हुए यमुना जी को मजबूत संकल्प लेकर दिल्ली की पहचान बनाने की वादा को दोहराया।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “आप-दा’ के ये लोग ये कहकर राजनीति में आए थे कि हम राजनीति को बदल देंगे, लेकिन ये लोग पूरी तरह से बेईमान निकले। आज मैं अन्ना हजारे जी का वक्तव्य सुन रहा था। अन्ना हजारे जी लंबे समय से इन लोगों के कुकर्मों का दर्द झेल रहे हैं. आज उन्हें भी उस दर्द से मुक्ति मिली होगी।”
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पर यह देश बिल्कुल भी भरोसा करने को तैयार नहीं है। मैंने तो पिछली बार ही कहा था कि कांग्रेस एक परजीवी पार्टी बन चुकी है, ये खुद तो डूबती है, अपने साथियों को भी डुबो देती है। कांग्रेस एक बाद एक अपने सहयोगियों को खत्म कर रही है। पीएम मोदी ने कांग्रेस पर करारा वार करते हुए कहा कि, “2014 के बाद 5 साल तक हिंदू बनने की कोशिश की। मंदिरों में जाना, जनेऊ पहनना। सोचा कि बीजेपी के वोट बैंक को काट लेंगे।लेकिन कुछ नहीं हुआ तो फिर राज्यों की पार्टियों पर अब उनकी नजर है। इंडी गठबंधन के दल अब कांग्रेस को समझने लगे हैं, इसलिए दिल्ली में हमने देखा कि इंडी के दलों ने एकजुट होकर कांग्रेस को और अपने वोटबैंक को रोकने की कोशिश की। फिर भी क्या हाल हुआ, देखिए…कांग्रेस को तो वो रोकने में सफल रहे, लेकिन आप-दा को बचाने में फेल हो गए।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देशभर के भाजपा कार्यकर्ताओं के दिल में भी एक पीड़ा थी।दिल्ली की पूरी तरह सेवा नहीं कर पाने की पीड़ा थी, लेकिन आज दिल्ली ने हमारी इस प्रार्थना को भी स्वीकार कर लिया है। 21वीं सदी में जन्मे युवा अब पहली बार दिल्ली में भाजपा का सुशासन देखेंगे। आज के नतीजे दिखाते हैं कि भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार पर देश को कितना भरोसा है। लोकसभा चुनाव में उस जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया, फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया और अब दिल्ली में एक नया इतिहास रचा गया है।” पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज दिल्ली के साथ-साथ अयोध्या के मिल्कीपुर में भी बीजेपी को जीत मिली है।हर वर्ग ने बड़ी संख्या में बीजेपी को वोट दिया है।”
पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली वालों ने भाजपा को सेवा का मौका दिया है।दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने का मौका दिया है। दिल्लीवासियों को सिर झुकाकर नमन करता हूं, मैं दिल्लीवासियों का आभार करता हूं। भाजपा की इस जीत पर ना सिर्फ दिल्ली में बल्कि पुरे देश में जश्न मनाये जाने की भी सूचना है।