रांची, 06 अप्रैल 2025 : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रामनवमी के अवसर पर विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राज्य में रामनवमी का महापर्व शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया जाए और किसी भी तरह की अराजकता या अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से दहशतगर्दों और असामाजिक तत्वों पर सीसीटीवी और ड्रोन के जरिए निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि शोभायात्राओं में बाइक रैली की नई परंपरा पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा, अखाड़ा समितियों को डीजे बजाने से संबंधित हाईकोर्ट के आदेश की प्रति उपलब्ध कराई जाए।
सीएम सोरेन ने कहा, “रामनवमी पर शोभायात्राएं और अन्य धार्मिक आयोजन होते हैं, जिससे यह समय संवेदनशील हो जाता है। चिन्हित स्थानों पर विशेष चौकसी रखी जाए, जहां घटनाओं की आशंका ज्यादा हो।” उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपील की कि शोभायात्राओं के दौरान आपत्तिजनक गाने न बजाए जाएं और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
बैठक में मुख्यमंत्री के साथ मुख्य सचिव अलका तिवारी, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, डीजीपी अनुराग गुप्ता, एडीजी ऑपरेशन संजय आनंद राव लाटकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर किसी भी स्थान पर विधि-व्यवस्था बिगड़ती है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस हेडक्वार्टर और कंट्रोल रूम को दी जाए। उन्होंने अधिकारियों से असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने को कहा ताकि राज्य में रामनवमी का पर्व शांति और भाईचारे के साथ मनाया जा सके।
संतोष श्रीवास्तव “अंजान जी”