रांची, 9 अप्रैल, 2025: रांची नगर निगम ने कल, 10 अप्रैल, 2025 को भगवान महावीर जयंती के अवसर पर रांची नगर निगम क्षेत्र में मांस, मछली, मुर्गा इत्यादि की सभी दुकानों को पूर्ण रूप से बंद रखने का सख्त आदेश जारी किया है।
नगर निगम द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि 10.04.2025 को महावीर जयंती के शुभ अवसर पर नगर निगम क्षेत्र में पड़ने वाली सभी मांस, मछली, मुर्गा आदि की दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगी और इनका क्रय-विक्रय भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रांची नगर निगम ने इस संबंध में कड़ा रुख अपनाते हुए सभी संबंधित व्यापारियों और नागरिकों से इस आदेश का पालन करने का आग्रह किया है।
महावीर जयंती: अहिंसा दिवस और अवकाश
महावीर जयंती को अहिंसा दिवस के रूप में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन किसी भी जानवर को मारना अशुभ माना जाता है और ऐसा करने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। यही कारण है कि देश के कई अन्य हिस्सों में भी महावीर जयंती के अवसर पर मांस, मछली, मुर्गा आदि की दुकानों पर प्रतिबंध लगाया जाता है।
इसके अतिरिक्त, महावीर जयंती के अवसर पर बैंकों में भी अवकाश रहेगा। साथ ही, रांची के कई स्कूलों और कॉलेजों में भी 10 अप्रैल को अवकाश घोषित किया गया है।
रांची नगर निगम का यह आदेश शहर में शांति और धार्मिक सौहार्द बनाए रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Santosh Srivastava “Anjaan Jee”