सिमडेगा, 10 जून, 2025: सिमडेगा जिले के बोलबा प्रखंड स्थित समसेरा के संत तेरेसा चर्च में देर रात करीब 1:30 बजे नकाबपोश डकैतों ने लूटपाट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। चार से पांच की संख्या में आए इन बदमाशों ने पहले चर्च परिसर में बने पादरियों के आवास में घुसकर हथियार के बल पर लूट की कोशिश की।
पादरियों को बेरहमी से पीटा और बंधक बनाया
जब पादरियों ने डकैतों का विरोध किया, तो बदमाशों ने तीन पादरियों – फादर इग्नासियुस टोप्पो, फादर अगुस्टीन डुंगडुंग और फादर रोशन सोरेंग को लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। मारपीट करने के बाद उन्हें बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया गया।
घायल पादरियों को पहले बोलबा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उन्हें सिमडेगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। पादरियों ने बताया कि डकैत उनसे तिजोरी की चाबी मांग रहे थे, और चाबी नहीं देने पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी।
8 लाख रुपये की लूट, ओड़िया भाषा में कर रहे थे बात
मारपीट के बाद, डकैतों ने तिजोरी तोड़कर चर्च, स्कूल और पल्ली (चर्च से संबंधित स्थानीय क्षेत्र) से करीब आठ लाख रुपये नकद लूट लिए। पादरियों के अनुसार, डकैत आपस में ओड़िया भाषा में बात कर रहे थे और कट्टा व भुजाली जैसे हथियारों से लैस थे।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और डकैतों की तलाश में जुट गई है। चर्च जैसी पवित्र जगह पर इस तरह की भीषण डकैती ने स्थानीय समुदाय को स्तब्ध कर दिया है।
राजेश मोहन सहाय
समाचार संपादक