चास में भाजपा बोकारो द्वारा आयोजित ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम में स्नेह मिलन समारोह

Subscribe & Share

झारखंड में रहनेवाले भाई-बहनों की मदद से बिहार में फिर बनेगी एनडीए सरकार: रेणु देवी


चास, 28 मार्च:  बिहार दिवस के अवसर पर भाजपा बोकारो जिला द्वारा शुक्रवार को चास के दीपांजलि सभागार में ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के तहत स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह की मुख्य अतिथि बिहार सरकार की मंत्री रेणु देवी थीं, जबकि बिहार भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता भूषण राठौर विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

इस मौके पर मंत्री रेणु देवी ने कहा कि बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए झारखंड में रहने वाले सभी बिहारी भाई-बहनों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि झारखंड में रह रहे प्रत्येक बिहारी को अपने रिश्तेदारों और परिचितों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करनी चाहिए। उनका विश्वास है कि इस सहयोग से बिहार में एनडीए 225 से अधिक सीटें जीतने में सफल होगा और फिर से बिहार में एनडीए सरकार बनेगी।

रेणु देवी ने कहा कि झारखंड और बिहार का दिल से गहरा नाता है। दोनों राज्यों की संस्कृति और परंपराओं को लोग एक-दूसरे से साझा करते हैं। इसीलिए झारखंड में निवास करने वाले हर व्यक्ति का यह कर्तव्य है कि वह अपनी मातृभूमि और कर्मभूमि दोनों की चिंता समान रूप से करें। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार की भी तारीफ की और कहा कि भाजपा “सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर काम कर रही है।

अमृता भूषण ने कहा, झारखंड-बिहार का इतिहास एक है

कार्यक्रम में बिहार भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता भूषण राठौर ने कहा कि झारखंड और बिहार का इतिहास एक है। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती ज्ञान, शौर्य और वीरता की भूमि है। हालांकि दोनों राज्य अलग हैं, लेकिन झारखंड में रहने वाले लाखों लोग अपनी जन्मभूमि और कर्मभूमि दोनों को समान रूप से मानते हैं।

इस कार्यक्रम की अध्यक्षता बोकारो जिला अध्यक्ष जयदेव राय ने की, जबकि इसका संचालन महामंत्री अनिल स्वर्णकार ने किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रोहित लाल सिंह, अंबिका खवास, अर्जुन सिंह, कृष्ण कुमार मुन्ना, सागर सिंह चौधरी, निमाई लाल महथा, रसराज महतो, बीरभद्र सिंह, शंकर रजक, उत्तम दास, संजय सिंह, विक्रम पांडेय, गिरजा देवी, कुमार अमित, अर्चना सिंह, मंटू राय, मुकेश राज राय, ब्रज दुबे, मंडल अध्यक्ष विक्की राय सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

× Subscribe