हजारीबाग, 14 अप्रैल, 2025 – हजारीबाग जिले के बरकट्ठा में रविवार को दो समुदायों के लोगों के बीच हिंसक झड़प की खबर है। झुरझुरी गांव में यज्ञ के दौरान नगर भ्रमण कार्यक्रम में पथराव और आगजनी की घटनाएं हुईं, जिसमें कई लोगों के घायल होने की सूचना है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को बरकट्ठा के झुरझुरी गांव में यज्ञ के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नगर भ्रमण का आयोजन किया गया था। इसी दौरान अज्ञात लोगों द्वारा शोभायात्रा पर पथराव किया गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने जीटी रोड को जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हो गया।
उपद्रवियों ने घरों में रखे पुआल और अन्य सामान में भी आग लगा दी। शुरुआती सूचना के अनुसार, लगभग आधा दर्जन स्थानों पर आगजनी की घटनाएं हुई हैं, जिससे इलाके में तनाव व्याप्त हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हालात को सामान्य बनाने की कोशिश में जुट गई है। पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है। पुलिस द्वारा स्थिति को नियंत्रण में लाने के प्रयास जारी हैं और मामले की जांच की जा रही है। घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
Rajesh Mohan Sahay