रांची, झारखंड, 14 अप्रैल, 2025 – झारखंड की राजधानी रांची में भी अयोध्या के श्री राम मंदिर की तर्ज पर एक भव्य मंदिर का निर्माण किया जाएगा। इस मंदिर का शिलान्यास आज, 14 अप्रैल को निवारणपुर स्थित ऐतिहासिक तपोवन मंदिर परिसर में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने किया।
लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मंदिर का शिलान्यास करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द ही पूरा होगा और उन्होंने इस अवसर पर लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमें इस स्थान के प्रति लोगों की आस्था को और बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं शिला पूजन कार्यक्रम में शामिल हुए। उनके साथ पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने पूरे विधि-विधान से शिला पूजन किया और उस शिला को मंदिर निर्माण स्थल पर स्थापित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित श्रद्धालुओं के साथ “जय श्री राम” का नारा भी लगाया।
मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने आज श्री राम जानकी तपोवन मंदिर, निवारणपुर, रांची के नवनिर्माण हेतु आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होकर मंदिर में पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और राज्य की उन्नति, सुख समृद्धि एवं शांति की कामना की।
Rajesh Mohan Sahay, Ranchi