हाथ में मेंहदी, गले में दुपट्टा, सुटकेस में लाश से सियासी घमासान

Subscribe & Share

काग्रेंस नेत्री हिमानी नरवाल मर्डर केस ” हरियाणा में तीन दिनों से लापता काग्रेस युवा नेत्री का संदेहास्पद स्थिति में सूटकेस में बरामदगी से जहाँ राज्य की कानून व्यवस्था पर फिर से सवाल उठ रहे हैं, वहीं काग्रेंस युवा नेत्री की परिजनों के पार्टी पर ही सवाल उठाने से एक बड़ा सियासी घमासान मचा हुआ है। बीजेपी नेता और मंत्री अनिल विज ने यह कहकर कि कांग्रेस के लोग ऐसा करते आये हैं से कहीं ये तंदूर कांड की तरह ही का सूटकेस कांड तो नहीं, पर बहस छिड़ गयी है। काग्रेंस में काफी सक्रिय, राहुल गाँधी के पदयात्रा में सक्रियता से शामिल युवा नेत्री हिमानी नरवाल की निर्दयता से भरी निर्मम हत्या से हम राजनीति में एक और बेटी खो चुके हैं और इसकी त्वरित जांच कर आरोपियों को सलाखों के पीछे किया जाना चाहिए।

हाथ में मेहंदी रची हुई , गले में काले रंग की चुन्नी लिपटी हुई, शरीर पर सफेद रंग का टॉप और लाल रंग का पैंट, मुंह और नाक से खून,हड्डी तक टूटी एक सुंदर सी नीली पड़ चुकी युवा लड़की मात्र ढाई फीट गुना डेढ़ फीट के सूटकेस में रोहतक – नयी दिल्ली रोड पर सांपला बस स्टैंड के करीब पायी जाती है। लोगों के द्वारा पुलिस को सूचना दिये जाने पर पुलिस आती है। कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा द्वारा पहचान की जाती है कि यह कोई और नहीं, हिमानी नरवाल है। फिर शुरू होता है हरियाणा में सियासी घमासान।

हिमानी नरवाल रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा के साथ कई राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल रही थीं। वह कांग्रेस की रैलियों और सामाजिक कार्यक्रमों में हरियाणवी लोक कलाकारों के साथ प्रस्तुति देने के लिए भी जानी जाती थीं। हिमानी नरवाल के एक्स अकाउंट में उन्हें इंडियन यूथ कांग्रेस की उपाध्यक्ष बताया गया है। हिमानी नरवाल ने वैश्य कॉलेज से एमबीए और लॉ की पढ़ाई की थी। इंटरनेट मीडिया पर हिमानी काफी सक्रिय रहती थी और डिजिटल क्रिएटर के तौर पर काम करती थी। इसके अलावा महिला कांग्रेस की सभी गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहती थी। यहां तक निकाय चुनाव में भी लगी हुई थी। साल 2023 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुई थीं। राहुल गांधी के साथ उसके कई फोटो उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड है।

हिमानी नरवाल के परिवार में यह पहली अस्वभाविक मौत नहीं है। हिमानी के बड़े भाई की भी करीब 12 साल पहले हत्या कर दी गई थी, जबकि उसके पिता शेर सिंह ने 10 साल पहले सुसाइड कर लिया था। इसके बाद मां सविता डरकर, हिमानी और उसके छोटे भाई जतिन को लेकर दिल्ली चली गई। हिमानी की माँ सविता की हिमानी के पिताजी की जगह पर बीएसएफ चावला में नौकरी है। हिमानी 5 माह से रोहतक में अकेली रह रही थी, और सक्रिय काग्रेंसी के रूप में कार्यरत है। 2024 की लोकसभा चुनाव हो या विधानसभा चुनाव हिमानी की काफी सक्रियता देखी गई थी। अब हिमानी स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी में सक्रिय थी।

कुछ दिन पहले ही हरियाणा की वर्ल्ड चैंपियन बॉक्सर स्वीटी बूरा ने अपने पति व इंडियन कबड्‌डी टीम के पूर्व कैप्टन दीपक हुड्‌डा पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने की एफआईआर दर्ज करवाई है। हिसार में दर्ज FIR में स्वीटी ने कहा कि पति हुड्‌डा ने उसके साथ मारपीट की। उधर, दीपक ने भी स्वीटी और उसके परिवार पर संपत्ति हड़पने के साथ जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा रोहतक में शिकायत दी है। मीडिया से मिली जानकारी के मुताबिक हिमानी नरवाल ने तीन दिन पहले अंतर राष्ट्रीय खिलाड़ी दीपक हुड्‌डा और स्वीटी बूरा के रिश्ते को लेकर भी सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर की थी। लिखा था- पैसे वाले या सेलिब्रेटी लोग बहुत मजे में होते है, जबकि सच्चाई इसके उलट है। लोग जितने फेमस या धनी हैं, उतना ही प्यार, रिश्ते व सुख कम है।

22 वर्षीय हिमानी नरवाल की हत्या के बाद हरियाणा में सियासी पारा गरमाने लगा है। इस बीच, हिमानी की मां सविता और भाई जतिन ने हरियाणा पुलिस और कांग्रेस पार्टी पर सवाल उठाए है। हिमानी की मां ने कहा, ‘चुनाव और पार्टी ने मेरी बेटी की जान ले ली। इस वजह से उसने कुछ दुश्मन बना लिए। ये (अपराधी) पार्टी से भी हो सकते हैं, उसके दोस्त भी हो सकते हैं।’ हिमानी नरवाल की मां सविता ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी की पदयात्रा के ठीक बाद से ही वह (हिमानी नरवाल) कुछ लोगों के लिए एक दुखती रग बन गई थी। कुछ लोगों को आश्चर्य हुआ कि वह इतनी कम उम्र में इतनी जल्दी कैसे आगे बढ़ गई। यह बात आशा हुड्डा जानती थीं, बत्रा साहब और हुड्डा साहब भी जानते थे। यह बात सभी जानते थे।

हिमानी की माँ सविता के इसी वयान पर हिमानी नरवाल की हत्या पर हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने कहा कि उनकी मां के आरोप गंभीर हैं। कांग्रेस के लोग पहले भी ऐसा करते आए हैं। जल्दी तरक्की करने के लिए दूसरों को पीछे ढकेलना कांग्रेस की पुरानी आदत है। पुलिस गहराई से इसकी जांच कर रही है। जो भी सच्चाई निकलेगी उसको अंजाम तक पहुंचाया जाएगा। शायद मंत्री अनिल विज तंदूर कांड को लेकर बोल रहे थे। दरअसल, तंदूर कांड, 2 जुलाई, 1995 को हुए नैना साहनी हत्याकांड का नाम है। इस घटना में नैना साहनी की हत्या उनके पति सुशील शर्मा ने की थी। सुशील शर्मा भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के युवा नेता थे।

कांग्रेस नेता भाजपा शासन के गुंडाराज में अपराधियों के हौसले बुलंद रहने और प्रदेश में चारों ओर अराजकता का माहौल रहने को लेकर नायाब सरकार को घेर रही है। पुर्व मुख्यमंत्री भुपेन्द्र हुड्डा, रणदीप सूरजेवाला, पवन खेड़ा और सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने सरकार को घेरते हुए न्याय की मांग कर रहे हैं। इधर हिमानी नरवाल की माँ सविता और भाई जतिन अपराधी के पार्टी के ही होने का आरोप लगाते हुए कह रही है कि अबतक पार्टी के कोई फोन तक नहीं उठा रहे, सहानुभूति के दो शब्द के लिए घर तक आना दूर की बात है।

पुलिस भी सक्रियता से इस केस को सुलझाने में लगी हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगाल रही है और हिमानी के गायब मोबाइल को ढूढने का प्रयास कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही इस निर्मम हत्या को सुलझा लेगी। तबतक ये सवाल बने रहेंगे कि आखिर हत्या की वजह क्या है? क्या यह कोई निजी रंजिश थी, या फिर इसके पीछे कोई अन्य साजिश? । पर हमने पार्टी, चुनाव के चक्कर में एक होनहार बेटी को खो दिया।

संजय कुमार विनीत
वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनीतिक विश्लेषक

× Subscribe