पूर्णिया में भव्य रामनवमी शोभायात्रा, पांच किलोमीटर तक उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Subscribe & Share

पूर्णिया, 7 अप्रैल, 2025 – सोमवार को पूर्णिया शहर में एक शानदार रामनवमी शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें लगभग पांच किलोमीटर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। मधुबनी बाजार स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर से जैसे ही जुलूस आगे बढ़ा, पीछे-पीछे महिला, बुजुर्ग और युवाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सभी “जय श्री राम” का जयघोष करते हुए भक्तिभाव से थिरक रहे थे।

शोभायात्रा में सजी आकर्षक झांकियां लोगों का मन मोह ले रही थीं। युवाओं की टोली जहां पारंपरिक करतब दिखा रही थी, वहीं जुलूस में उड़ते अबीर और गुलाल तथा केसरिया रंग से भक्तिमय माहौल बना हुआ था। शहर में जगह-जगह शोभायात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया और विभिन्न स्थानों से आने वाली झांकियों का सिलसिला देर तक जारी रहा।

लगभग पांच किलोमीटर लंबी कतार श्रद्धालुओं की लगी रही। यह शोभायात्रा मधुबनी दुर्गा स्थान से शुरू होकर डॉलर चौक, कचहरी रोड, नगर परिषद चौक, आर.एन. साव चौक, काली बाड़ी, चिकनी लखन चौक, रजनी चौक, खजांची हाट, महामाया दुर्गास्थान, लाईन बाजार चौक, कप्ताने पाड़ा खुश्कीग्राम और पूर्णिया सिटी काली मंदिर होते हुए पूर्णिया सिटी स्थित सारा नदी के तट पर भरत मिलाप के बाद संपन्न हुई।

मधुबनी दुर्गास्थान से निकली भव्य रामनवमी शोभायात्रा में विधायक विजय खेमका भी रामभक्तों के साथ पैदल चलकर जयकारे लगाते हुए शामिल हुए। विधायक श्री खेमका ने सभी रामभक्तों का वंदन अभिनंदन कर रामनवमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हम सभी को भगवान श्री राम के आदर्शों को अपनाना चाहिए। भगवान श्रीराम ने सत्य की स्थापना और धर्म की रक्षा के लिए मायावी असुरों का वध किया तथा धर्म की रक्षा कर रामराज्य की स्थापना की थी। आज प्रभु श्री राम की कृपा से भारत रामराज्य की ओर बढ़ रहा है।

सेल्फी लेने की होड़ से रुका जुलूस: जुलूस के दौरान मनमोहक दृश्य हर किसी को आकर्षित कर रहे थे। जुलूस में शामिल हर कोई सेल्फी लेने के लिए उत्सुक था। आकर्षक झांकियों के साथ सेल्फी लेने की होड़ के कारण जगह-जगह शोभायात्रा को रुकना पड़ा।

शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत: मधुबनी से लेकर सिटी तक जगह-जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। रामभक्तों के लिए कहीं पुष्पवर्षा की गई तो कहीं जागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। आर.एन. साव चौक पर रामभक्तों का विधिवत स्वागत किया गया। शोभायात्रा के मार्ग में समाजसेवी और सामाजिक संगठनों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे, जहां उन्हें ठंडे पेयजल के अलावा शरबत, खीर, खिचड़ी आदि खिलाने की व्यवस्था की गई थी।

विभिन्न संगठनों ने भी निभाई भागीदारी: शोभायात्रा में अलग-अलग गणवेश में शामिल अंजान जी फाउंडेशन के अलावा श्रीराम सेवा संघ, विश्व हिन्दू युवा वाहिनी संघ, विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, श्रीराम सेवा संघ, विश्व हिन्दू रक्षा संगठन, बालाजी सेवा संघ, हिन्दू युवा वाहिनी, श्रीकृष्ण सेवा सदन, संघ परिवार, हिन्दू जागरण मंच सहित अनेक संगठनों ने अपनी सक्रिय भागीदारी निभाई।

× Subscribe