पटना, 14 अप्रैल, 2025 – मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित ‘संवाद’ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स, बिहार 2025 के आधिकारिक ‘लोगो’ का अनावरण किया। वहीं, केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले और खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया ने रिमोट के माध्यम से इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन के ‘शुभंकर’ का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने संयुक्त रूप से खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आधिकारिक खेल सॉन्ग का भी शुभारंभ किया। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल गौरव यात्रा रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो राज्य के विभिन्न हिस्सों में खेल भावना का संचार करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने कहा कि यह अत्यंत प्रसन्नता की बात है कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स, 2025 का आयोजन बिहार की पावन धरती पर हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आगामी 4 मई को इस भव्य खेल महाकुंभ का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री ने बिहार की धरती पर सभी युवा खिलाड़ियों का हार्दिक स्वागत किया और कहा कि यह आयोजन बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इस आयोजन के माध्यम से राज्य में खेलों की आधारभूत संरचना को और अधिक मजबूत किया जाएगा और युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
गौरतलब है कि बिहार पहली बार खेलो इंडिया यूथ गेम्स, बिहार 2025 की मेजबानी कर रहा है। 4 मई से 15 मई तक बिहार के पांच प्रमुख जिलों – पटना, नालंदा (राजगीर), गया, भागलपुर और बेगूसराय में इस खेल महाकुंभ का आयोजन होगा। इस प्रतिष्ठित आयोजन में 28 विभिन्न खेलों के लिए देशभर से लगभग 8 हजार 500 प्रतिभाशाली खिलाड़ी और 1500 टेक्निकल स्टाफ यानी कुल 10 हजार लोग भाग लेंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल गौरव यात्रा कल, 15 अप्रैल से 2 मई के बीच बिहार के सभी 38 जिलों से होकर गुजरेगी, जिससे पूरे राज्य में खेल का उत्साह और उमंग का माहौल बनेगा।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आधिकारिक ‘लोगो’ बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अटूट खेल भावना का अनुपम प्रतीक है। इसका आकर्षक नारंगी और हरा रंग उत्साह और प्रकृति के सुंदर सामंजस्य को दर्शाता है।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025, बिहार का शुभंकर ‘गजसिंह’ अपने स्वरूप और अवधारणा में राज्य की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और खेल भावना का जीवंत प्रतिनिधित्व करता है। यह मनोहारी शुभंकर बिहार की गौरवशाली पुरातात्विक विरासत से प्रेरित है, जिसे पाल काल के दौरान नालंदा और बोधगया स्थित प्राचीन मंदिरों और स्तंभों पर अंकित अद्वितीय गजसिंह (हाथी और सिंह का अद्भुत संयोग) की कलाकृतियों से लिया गया है। ‘गजसिंह’ खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025, बिहार का शुभंकर मात्र एक प्रतीक नहीं है, बल्कि यह सशक्त, साहसी और बुद्धिमान खिलाड़ी की जीवंत भावना का साकार रूप है। यह शुभंकर राज्य की खेल संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने तथा देश के युवा खिलाड़ियों को संगठित, अनुशासित और उन्नत खेल भावना के लिए सतत प्रेरित करेगा। बिहार, भारत के खेल परिदृश्य में एक नया स्वर्णिम अध्याय लिखने के लिए पूरी तरह से तत्पर है।
इस लोगो और शुभंकर के डिज़ाइन में महाबोधि मंदिर और नालंदा विश्वविद्यालय के प्रतीक राज्य की ऐतिहासिक और बौद्धिक विरासत के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हैं। पीपल वृक्ष, गौरैया और गंगेटिक डॉल्फिन प्रकृति और उनके संरक्षण के महत्वपूर्ण संदेशवाहक हैं। जीवंत मधुबनी पेंटिंग और छठ पूजा बिहार की अद्वितीय सांस्कृतिक पहचान को दर्शाते हैं। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व राज्य की समृद्ध जैव विविधता का उत्कृष्ट उदाहरण है। अशोक चक्र और सिंह न्याय, शक्ति और ऐतिहासिक गौरव के शाश्वत प्रतीक हैं। बिहार के नक्शे में सजी यह समग्र डिज़ाइन राज्य की बहुआयामी पहचान, समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और खेल संस्कृति के विकास का एक शक्तिशाली प्रतीक बन चुकी है।
‘खेल के रंग! बिहार के संग!’ यह केवल एक नारा नहीं है, बल्कि यह बिहार के खेल पुनर्जागरण का एक सशक्त संदेश है, जो राज्य को वैश्विक खेल मानचित्र पर स्थापित करने के दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा मामले और खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया को कार्यक्रम में पुष्प गुच्छ भेंटकर उनका हार्दिक स्वागत किया।
कार्यक्रम में खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर ने मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री को स्मृति चिह्न भेंटकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर आयोजन से संबंधित एक प्रेरणादायक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, ग्रामीण कार्य मंत्री श्री अशोक चौधरी, खेल मंत्री श्री सुरेंद्र मेहता, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, मुख्य सचिव श्री अमृत लाल मीणा, विकास आयुक्त श्री प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक श्री विनय कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, सामान्य प्रशासन तथा खेल विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेंदर, मुख्यमंत्री के सचिव श्री कुमार रवि, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी श्री गोपाल सिंह, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक श्री रविन्द्रण शंकरण, खेल विभाग के निदेशक श्री महेन्द्र कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Santosh Srivastava “Anjaan Jee”