आरा : आरा रेलवे जंक्शन पर दोहरे हत्याकांड और खुदकुशी की गुत्थी सुलझाने की तफ्तीश तेज हो गई है। मोबाइल सीडीआर के सहारे पुलिस इस गुत्थी का राज खोलने में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल से जब्त तीनों मोबाइल के कॉल डिटेल्स का विश्लेषण किया जा रहा है। इसमें तकनीकी टीम की भी मदद ली जा रही है।आरा रेलवे जंक्शन पर मंगलवार की शाम मासूम बच्चे की आंखों के सामने ही सिरफिरे ने उसकी बहन और पिता को गोली मार दी थी। इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। इसमें तीनों की मौत हो गई। इधर, अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट और एक साथ पिता व बहन की मौत से वह दहशत में आ गया।
रेलवे जंक्शन ट्रिपल मर्डर मिस्ट्री को लेकर तरह-तरह की चर्चा चल रही है। हर कोई अपने-अपने तरीके से घटना का विश्लेषण कर रहा है। हालांकि हर चर्चा का केंद्र बिंदु प्रेम प्रसंग ही है। एक चर्चा यह भी है कि छात्रा और उसका कथित सिरफिरा आशिक पहले एक ही स्कूल में पढ़ते थे। उसी समय से अमन कुमार उर्फ आकाश छात्रा से एकतरफा प्यार करता था। बाद में छात्रा पढ़ाई करने दिल्ली चली गयी थी। इसके बाद भी वह उससे प्रेम करता था। सूत्रों के अनुसार छात्रा की दिल्ली में जॉब लगने वाली थी। इस बात की भनक अमन को लगी तो वह बचपन को प्यार खोने के डर से बेचैन हो उठा। उसने छात्रा को दिल्ली नहीं जाने का दबाव दे रहा था। इधर, छात्रा अपना भविष्य बनाने को लेकर दिल्ली जाने पर अड़ी थी।
इस बात से अमन कुमार उर्फ आकाश छात्रा से खफा था। बताया जा रहा है कि इस बात को लेकर दोनों के बीच पूर्व में बहस भी हुई थी। बताया जा रहा है कि मंगलवार को सूचना मिली कि छात्रा गरीब रथ से दिल्ली जाने वाली है। इससे खार खाए कथित आशिक अमन मंगलवार की शाम छात्रा का पीछा करते हुए स्टेशन तक पहुंच गया था। मास्क लगाए अमन कुमार को छात्रा पहचान नहीं सकी थी।
उसी का फायदा उठा कर अमन ने फुट ओवरब्रिज पर पहले छात्रा के पिता को पीछे से सर में नजदीक से गोली मार दी। इसके बाद छात्रा के चेहरे पर दायें हिस्से में गोली मार दी। अंत में उसने खुद को गोली मार ली। पुलिस भी इस एंगल से घटना की जांच कर रही है। इस मामले को लेकर पुलिस उदवंतनगर थाना क्षेत्र के असनी गांव निवासी अमन कुमार उर्फ आकाश के परिजनों से भी पूछताछ कर घटना की जानकारी ले रही है।