दिलावर अंसारी : चांदन (बांका) : चांदन देवघर मुख्य सड़क मार्ग पर स्थित चांदन थाना गेट के समीप एक ट्रक की चपेट में आकर एक साइकिल सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान चांदन पंचायत के कोड़ाडीह गांव निवासी 51 वर्षीय काली चरण कोड़ा के रूप में हुई है। वह छोटा साहेब कोड़ा के दामाद थे। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विष्णुदेव कुमार और पु.अ.नि. सुशील कुजूर ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और ट्रक को जब्त कर लिया।
मृतक के परिजनों के आने पर शव का पंचनामा तैयार किया गया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल बांका भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार, मृतक पिछले 15 वर्षों से अपने ससुराल कोड़ाडीह में रहकर कृषि कार्य कर रहा था। रविवार दोपहर को वह उर्वरक लेकर अपनी साइकिल से चांदन बाजार जा रहा था। जैसे ही वह थाना गेट से लगभग 100 मीटर पहले सड़क किनारे जमा धूल में साइकिल चलाने लगा, वह असंतुलित हो गया और सामने से आ रहे एक 10 चक्के वाले ट्रक के पीछे के पहिये से टकरा गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
ट्रक की टक्कर से घायल होकर सड़क पर गिरने के बाद आसपास के लोग एकत्रित हो गए, लेकिन कोई भी मदद के लिए नहीं आया। घटना की जानकारी मिलने पर थानाध्यक्ष विष्णुदेव कुमार और पु.अ.नि. सुशील कुजूर मौके पर पहुंचे और घायल व्यक्ति को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चांदन पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थानाध्यक्ष विष्णुदेव कुमार ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुनिए पूर्व राजद विधायक पप्पू यादव उर्फ राजकिशोर प्रसाद यादव ने क्या कहा…