पटना न्यूज़ डेस्क | दानापुर मंडल की 100 वर्षों की शानदार यात्रा को मनाने के लिए एक विशेष फोटो प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। इस प्रदर्शनी में दानापुर मंडल के इतिहास, उपलब्धियों, विकास यात्रा, और सेवाओं को बेहद आकर्षक और प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी में “ऑनरिंग द पास्ट”, “सेलेब्रेटिंग द प्रजेंट” और “इंस्पायरिंग द फ्यूचर” शीर्षक से तीन भागों में प्रेरणादायक वीडियो भी प्रस्तुत किए गए।
महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने इस ऐतिहासिक अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि, “आज का यह अवसर हमारे लिए गर्व, प्रेरणा और संकल्प का प्रतीक है। दानापुर मंडल की राष्ट्रसेवा में 100 वर्षों की यात्रा को मनाते हुए हम इसके अद्वितीय योगदान और सफलताओं को याद कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “दानापुर मंडल ने भारतीय रेलवे में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं और इसने भारतीय रेलवे के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह मंडल न केवल रेलवे की प्रगति का गवाह रहा है, बल्कि देश के सामाजिक और आर्थिक विकास का भी अहम हिस्सा रहा है। 100 वर्षों की यात्रा में इस मंडल ने यात्री सुविधाओं, संरक्षा मानकों और माल परिवहन में कई महत्वपूर्ण सुधार किए हैं।”
महाप्रबंधक ने दानापुर मंडल द्वारा आधुनिक तकनीकों को अपनाने, डिजिटलाइजेशन, पर्यावरण संरक्षण, और ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा, “हमने स्टेशनों का पुनर्विकास, ट्रेन संचालन में कुशलता और यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए कई पहल की हैं।”
महाप्रबंधक ने रेलकर्मियों के समर्पण और कठिन परिश्रम को भी सराहा, जिनके योगदान के कारण दानापुर मंडल निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य न केवल अपनी वर्तमान उपलब्धियों को बनाए रखना है, बल्कि नए कीर्तिमान स्थापित करना है। रेलवे को और अधिक यात्री-केंद्रित, पर्यावरण अनुकूल और अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित बनाना हमारा दृढ़ संकल्प है।”
उन्होंने अंत में कहा कि दानापुर मंडल का लक्ष्य भविष्य में रेलवे को हरित ऊर्जा, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की दिशा में और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाना है।