रांची, 03 मई, 2025: झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका सहायिका यूनियन ने आज राज्य सरकार को चार श्रम कानूनों (लेबर कोड) को वापस लेने और अपनी अन्य 17 सूत्री मांगों को लेकर आगामी 20 मई को होने वाली देशव्यापी हड़ताल का नोटिस सौंपा। यह नोटिस प्रोजेक्ट भवन में महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव को सौंपा गया।
यूनियन की राज्य अध्यक्ष मीरा देवी और महासचिव सावित्री सोरेन के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सचिव से मुलाकात की और उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराया। आंगनबाड़ी कर्मियों की प्रमुख मांगों में श्रमिक विरोधी चार लेबर कोड को निरस्त करना और सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार ग्रेच्युटी और पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करने के साथ-साथ भविष्य निधि के दायरे में लाना शामिल है।
हड़ताल नोटिस सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रीति हांसदा, मीनू मुर्मू, अभिगेल हेम्ब्रम, प्रिया, प्रमिला मुर्मू, संतोषी और लखन मंडल भी शामिल थे। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि उनकी मांगों पर सरकार द्वारा संतोषजनक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो राज्य की आंगनबाड़ी सेविकाएं और सहायिकाएं 20 मई को होने वाली देशव्यापी हड़ताल में सक्रिय रूप से भाग लेंगी।
Rajesh Mohan Sahay