संजय कुमार विनीत : आगामी 20 फरवरी को रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में दिल्ली को सीएम मिलना है। इसको लेकर रामलीला मैदान में तैयारियां चल रही है। सीएम पद के रेस में प्रवेश वर्मा, विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय सहित पवन शर्मा और रेखा गुप्ता के नाम चल रहें हैं। वैसे बीजेपी मुख्यमंत्री को लेकर फैसले से सबको अचंभित करती रही है। 19 फरवरी को संध्या विधायक दल की बैठक में विधायक दल के नेता को चुना जाना है। और 20 फरवरी को संध्या 4.30 बजे शपथ ग्रहण का समय निर्धारित किया गया है।
दिल्ली के नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की तारीख आ गई है। 20 फरवरी को 4.30 बजे दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह होगा। बताया जा रहा है कि शपथ ग्रहण का आयोजन दिल्ली के राम लीला मैदान में होगा। रामलीला मैदान में तैयारियां देखी जा सकती है। शपथ ग्रहण समारोह में 3 मंच बनाए जाएंगे। एक बड़ा मंच 40×24 का होगा, वहीं, दो मंच 34×40 के होंगे। मंच पर लगभग 100 से 150 कुर्सियां लगाई जाएंगी। आम लोगों के बैठने के लिए करीब 30 हजार कुर्सियां लगाई जाएंगी। इस शपथग्रहण समारोह में भाजपा के 200 सांसद सहित एनडीए सरकार के मुख्यमंत्री भी शामिल होगें।
5 फरवरी को संपन्न दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर आप को सत्ता से बेदखल किया। 10 साल से अधिक समय तक दिल्ली पर शासन करने वाली आप, 8 फरवरी को घोषित हुए कड़े मुकाबले वाले चुनाव में केवल 22 सीटें जीत पाई। वहीं, भाजपा 1993 के बाद पहली बार दिल्ली में सरकार बनाने जा रही है। प्रधानमंत्री के विदेश दौरे को लेकर सरकार गठन में विलंब हो रही थी, जिसे लेकर विपक्षी सवाल भी उठाने लगे हैं।
सूत्रों के मुताबिक 15 विधायकों को प्रमुख मंत्री पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। पार्टी सूत्रों ने यह भी बताया है कि नई सरकार में उपमुख्यमंत्री होने की संभावना नहीं है। पार्टी सूत्रों ने पहले बताया कि मामले को अंतिम रूप देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और अन्य शीर्ष भाजपा नेताओं के बीच एक बैठक होने की भी संभावना है।