रांची, 22 मार्च 2025: रांची में आज केंद्रीय सरना स्थल के पास फ्लाईओवर रैंप के निर्माण के विरोध में संयुक्त आदिवासी संगठनों द्वारा आयोजित बंद का व्यापक असर देखा जा रहा है। बंद के दौरान शहर भर में प्रदर्शनकारियों ने सड़कों को जाम किया है और व्यापारिक गतिविधियाँ ठप हो गई हैं। पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों में कड़ी सुरक्षा तैनात की है और बैरिकेडिंग से शहर को पूरी तरह से बंद कर दिया है।
बंद समर्थक विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सड़कों को अवरुद्ध कर रहे हैं। अरगोड़ा कटहल मोड रोड से दीपा टोली चौक होते हुए अरगोड़ा चौक, संत फ्रांसिस रोड से हरमू की ओर जाने वाली सड़कें, और रांची के कई अन्य प्रमुख रास्ते पूरी तरह से बंद कर दिए गए हैं। इन रास्तों से कोई भी वाहन नहीं गुजर पा रहा है। स्कूली बच्चों को भी स्कूल नहीं जाने दिया जा रहा है, जिसके कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रांची में पिस्का मोड़, कटहल मोड, बहू बाजार, कमरे, मैंन रोड जैसी प्रमुख जगहों पर प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाकर और सड़क जाम कर विरोध जताया। पुलिस ने इन इलाकों में बड़े पैमाने पर बल तैनात किया है और प्रदर्शनकारियों की वीडियोग्राफी की जा रही है।
रांची के बाहरी इलाकों, जैसे पिस्का नगड़ी और गुमला एनएच में प्रदर्शनकारियों ने सड़कें जाम कर दी हैं, जिससे लंबी वाहनों की कतारें लग गई हैं। बाजारों में भी पुतले जलाए जा रहे हैं, जिससे व्यापारियों में डर का माहौल है और उन्होंने अपनी दुकानों को बंद कर दिया है।
इस बंद का मुख्य कारण रांची के सिरम टोली फ्लाईओवर रैंप का विरोध है। प्रदर्शनकारी इस निर्माण कार्य को धार्मिक स्थल तक पहुंच में बाधा डालने वाला और स्थल की पवित्रता को नुकसान पहुंचाने वाला मानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने उनके विरोध को नजरअंदाज किया है और आदिवासी समुदायों के सरहुल उत्सव में भाग लेने के लिए रैंप का निर्माण अव्यावहारिक है।
रांची पुलिस ने इस स्थिति को देखते हुए सुरक्षा कड़े कर दिए हैं और बंद समर्थकों से सख्ती से निपटने का ऐलान किया है। बंद के कारण बिरसा मुंडा बस स्टैंड पर भी बसों का परिचालन प्रभावित हुआ है, जिससे यात्रियों को कठिनाई हो रही है। अब तक, स्टैंड से केवल 40 बसों ने रवाना किया है, जिनमें अधिकांश बसें सीमित संख्या में संचालित हो रही हैं।
इस बंद ने रांची में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है, जबकि पुलिस और प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए हैं।