बिजली, इंटरनेट सेवा बाधित कर शंभु और खनौरी बार्डर से खदेडे जा रहे आंदोलनकारी किसान

Subscribe & Share

संजय कुमार विनीत : पंजाब पुलिस ने शंभु और खनौरी बार्डर आंदोलनकारी किसानों से जबरन खाली करवा रही है। किसानों को खदेडा जा रहा है और सरवन सिंह पंधेर और जगजीत सिंह डल्लेवाल समेत कयी किसान नेताओं को गिरफ्त में लिया गया है।धरना स्थल पर बिजली काट दी गयी है, तंबू उखाडे जा रहे हैं और इंटरनेट सेवा बाधित कर दी गई है। इससे राजनीतिक बयानबाजियों का दौर शुरू हो गया है। यह किसान संगठन अपनी मांगों को लेकर पिछले साल फरवरी से ही प्रदर्शन कर रहे थे।

पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों पर पंजाब पुलिस ने एक्शन लिया है। शंभू बॉर्डर से किसानों को हिरासत में लिया जा रहा है और खनौरी बॉर्डर खाली करवाया जा रहा है। दोनों बॉर्डर के आसपास इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। बुधवार शाम प्रदर्शनकारियों के तंबू उखाड़ दिए गए, बिजली काट दी गई। इससे पहले, मोहाली में सरवन सिंह पंधेर और जगजीत सिंह डल्लेवाल जैसे किसान नेताओं को हिरासत में ले लिया गया। किसान नेता मंगत ने कहा कि पंधेर और डल्लेवाल के अलावा अभिमन्यु कोहाड़, काका सिंह कोटरा और मंजीत सिंह राय को हिरासत में लिया गया है। वे यहां एक केंद्रीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के बाद शंभू और खनौरी बॉर्डर की ओर जा रहे थे। यहां संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा पिछले साल फरवरी से आंदोलन कर रहे हैं।

पंजाब पुलिस द्वारा किसान नेताओं को हिरासत में लिए जाने पर भाजपा नेता फतेहजंग सिंह बाजवा ने कहा, “…केंद्र सरकार ने पंजाब में किसानों के साथ बातचीत करने के लिए अपने मंत्रियों की टीम भेजी है… लेकिन लुधियाना पश्चिम के व्यापारियों ने कहा है कि वे उन्हें(AAP) वोट नहीं देंगे, क्योंकि सभी सड़कें बंद हैं… अरविंद केजरीवाल के लिए राज्यसभा सीट सुनिश्चित करने और लुधियाना पश्चिम उपचुनाव जीतने के लिए उन्होंने बैठक के बाद जगजीत सिंह डल्लेवाल और सरवन सिंह पंढ़ेर को हिरासत में लिया है…भाजपा पंजाब के किसानों के साथ है, लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल ने किसानों के साथ खिलवाड़ किया…”

किसानों की पीठ में छुरा घोंपा, AAP सरकार पर भड़के मजीठिया

शिरोमणी अकाली दल के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री सरदार बिक्रम सिंह मजीठिया ने आज भगवंत मान की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी की सरकार की किसान जत्थेबंदियों के शीर्ष नेताओं को गिरफ्तार करके पंजाब के किसानों की आवाज को दबाने की कोशिश करने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उन्होने देश के किसानों की पीठ में छुरा घोंपा है।

केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने एक प्रेस बयान में कहा कि किसान नेताओं के खिलाफ पंजाब पुलिस की कार्रवाई की खबर सुनकर वह स्तब्ध हैं। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ में किसान नेताओं के साथ बैठक में शामिल हुए केंद्रीय मंत्रियों को जब गिरफ्तारियों के बारे में बताया गया तो वे आश्चर्यचकित रह गए। केंद्रीय मंत्रियों ने अगले दौर की वार्ता की तारीख बता दी है. बिट्टू ने कहा कि किसानों के साथ बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और पंजाब के दो मंत्री भी वहां मौजूद थे। उन्होंने कहा कि पंजाब के मंत्रियों ने किसानों के साथ बातचीत का समर्थन किया है। केंद्र सरकार किसानों के मुद्दों को लेकर गंभीर है और पंजाब सरकार की अचानक कार्रवाई का उद्देश्य वार्ता को विफल करना है,उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने किसानों के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन दिनों से पंजाब में डेरा डाले हुए अरविंद केजरीवाल ने किसानों के खिलाफ साजिश रची है।

पंधेर को मोहाली की एयरपोर्ट रोड पर तो डल्लेवाल एंबुलेंस में खनौरी बॉर्डर लौट रहे थे, पुलिस ने उन्हें संगरूर में घेर लिया। इसके बाद पुलिस डल्लेवाल को एंबुलेंस समेत ही हिरासत में लेकर चली गई।दोनों नेताओं की अगुआई में ही ये आंदोलन चल रहा है। इनके अलावा किसान नेता काका सिंह कोटड़ा, अभिमन्यु कोहाड़, मनजीत राय, ओंकार सिंह को भी डिटेन किया गया। सूचना है कि किसानों को पटियाला के कमांडो सेंटर (बहादुरगढ़) में शिफ्ट किया जा रहा है। इस एक्शन के पीछे की वजह ये सामने आई कि मीटिंग में पंजाब सरकार ने किसानों को दोनों बॉर्डर खोलने या एक हिस्सा खोलने को कहा था, लेकिन किसान नेता नहीं माने।

× Subscribe