संजय कुमार विनीत : महिला सशक्तिकरण, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ यमुना मैया की सफाई, पेय जल सहित सभी संकल्पों को पुरा करने के लिए रेखा गुप्ता की नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार ने आज दिल्ली विधानसभा में एक लाख करोड़ रुपये की मेगा बजट पेश की। 2025-26 का बजट एक लाख करोड़ रुपये का होगा। पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की तुलना में यह बजट 31.5 फीसदी अधिक है।
बजट पेश करने के बाद विधानसभा के बाहर एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में 2024-2025 में 16,396 करोड़ खर्च हुआ। हमने अपने बजट में इस क्षेत्र के लिए आवंटन को 19,291 करोड़ रुपए तक पहुंचाया है। हमनें शिक्षा के क्षेत्र के लिए बजट में 17% का इजाफा किया है। हमने ट्रांसपोर्ट सेक्टर में 73% का इजाफा किया है। हाउसिंग और अर्बन डेवलपमेंट में 9% का इजाफा किया है।
दिल्ली बजट 2025 की अहम घोषणाएं, आवंटन और बिंदु इस प्रकार हैं:-
- दिल्ली के बजट में 12952 करोड़ का सबसे बड़ा आवंटन परिवहन विभाग को मिला
- जल बोर्ड को अलग-अलग सेक्टर्स में लगभग 9 हजार करोड़ रुपए का बजट। इमें अकेले यमुना की सफाई के लिए 500 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं
- जलभराव को रोकने के लिए 603 करोड़
- बिजली के लिए 3843 करोड़ रुपये
- दिल्ली मेट्रो के विस्तार के लिए 2929 करोड़
- पीएम सूर्य योजना के तहत हर घर को 78 हजार रुपए सब्सिडी मिलेगी
- महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपए
- अंत्योदय की सोच के साथ जनकल्याण योजना के लिए 10 हजार करोड़
- महिला एवं बाल विकास के लिए 9 हजार करोड़
- पार्कों के डेवलपमेंट के लिए 20 करोड़
- छोटे उद्योगों के लिए 50 करोड़
- ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड की स्थापना
- 100 अटल कैंटीन की स्थापना के लिए 100 करोड़ का बजट
- झुग्गी बस्तियों के डेवलपमेंट और रीडेवलपमेंट के लिए 696 करोड़
- ट्रैफिक जाम और सड़क परिवहन के लिए 1 हजार करोड़ रुपए
- पिंक टिकट की जगह कार्ड दिए जाएंगे
- दिल्ली नगर निगम को 6897 हजार करोड़ का शेयर
- प्रदूषण को कम करने के लिए 300 करोड़ का बजट
- 5000 नई इलेक्ट्रिक बसे सरकार लाएंगी
- अदालतों के लिए 927 करोड़ रुपए, 490 रुपये डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के लिए और डिजिटल हियरिंग के लिए 200 करोड़ रुपए का बजट
- फायर स्टेशनों को दुरुस्त करने के लिए 110 करोड़ का बजट
- होम गार्ड्स की संख्या 10 हजार से बढ़ाकर 25 हजार की जाएगी
- मेधावी छात्रों को 1200 लैपटॉप दिए जाएंगे, जो इस बार 11वीं क्लास में जाएंगे
- शिक्षा के लिए 8000 करोड़ रुपए दिए जाएंगे
दिल्ली पर भाजपा विधायक कैलाश गहलोत ने कहा कि अलग-अलग विभागों में जहां जितने पैसे की जरूरत है, उतना आवंटन किया गया है। यह एक सुविचारित बजट है। महत्वपूर्ण विभागों को ध्यान में रखते हुए आवंटन किया गया है। यमुना की सफाई सरकार की प्रतिबद्धता है।
दिल्ली बजट 2025-26 पर दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह एक लाख करोड़ रुपए का ऐतिहासिक बजट है। इतनी बड़ी बढ़ोतरी दिल्ली के इतिहास में कभी भी देखने को नहीं मिली है। दिल्ली की ब्रांडिंग के लिए अलग से फंड लाया गया है। यह ऐतिहासिक बजट है। इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर पर जो ध्यान दिया गया है, वह पिछले कुछ वर्षों में गायब था। मैं पर्यटन, संस्कृति और विधि विभागों के लिए प्रस्तावित आवंटन के लिए मुख्यमंत्री का आभारी हूं।
दिल्ली बजट 2025-26 पर भाजपा विधायक शिखा रॉय ने कहा कि इससे ज्यादा संपूर्ण बजट नहीं हो सकता। हर वर्ग, हर मुद्दे को इसमें शामिल किया गया है। यही सुशासन का मॉडल है, यही सुशासन का बजट है।”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने बजट भाषण में पूर्व की आम आदमी पार्टी सरकार पर तंज सकते हुए कहा कि ‘आप’ हाथ की सफाई जानते हैं, कूड़े की सफाई हम करेंगे। आप बातें बनाते थे, हम विकसित दिल्ली बनाएंगे। उन्होंने कहा कि कुछ देर की खामोशी है उसके बाद शोर भी आएगा। वह तुम्हारा दौर था अब हमारा दौर आएगा।
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने बिना आर्थिक सर्वेक्षण के बजट बनाने को लेकर दिल्ली की भाजपा सरकार पर हमला बोला। आतिशी ने कहा कि सरकार ने स्वीकार किया है कि उन्होंने बजट बनाने के लिए कोई विश्लेषण नहीं किया है। उन्होंने आर्थिक सर्वेक्षण न होने पर हैरानी जताई, जो आमतौर पर बजट पेश किए जाने से पहले किया जाता है। आतिशी ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि बिना आर्थिक सर्वेक्षण के बजट कैसे बनाया गया। हमने आज तक किसी भी सरकार को आर्थिक सर्वेक्षण के बिना बजट बनाते नहीं देखा है।
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली के लोगों से जो वादे किए हैं, वो वादे इस बजट में पूरे होने चाहिए। उनका आवंटन अगर इस बजट में दिखेगा तो इसका मतलब है कि सरकार इस वर्ष उन वादों को पूरा करेगी। अगर ये आवंटन नहीं करेंगे तो इसका मतलब यह है कि इनके मन में चोर है।