Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher
पटना, 17 दिसंबर 2025: थारू समाज के समावेशी विकास को गति देने के लिए राज्य सरकार ने विशेष पहल की है। अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के तत्वावधान में बिहार अनुसूचित जनजाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान द्वारा पटना के तारामंडल परिसर में राष्ट्रीय जनजातीय सेमिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मंत्री लखेंद्र कुमार रोशन ने कहा कि थारू समाज के उत्थान के लिए सरकार ने 30 करोड़ रुपये का विशेष आवंटन किया है, जिससे कई विकासात्मक योजनाएं संचालित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि बिहार में लगभग 22 लाख जनजातीय आबादी है और विकास से वंचित असहाय परिवारों के लिए विशेष सूची तैयार की गई है। पश्चिमी चंपारण में थरुहट विकास अधिकरण सहित विभिन्न योजनाओं पर कार्य जारी है।
विभागीय निदेशक प्रियंका रानी ने कहा कि जनजातीय समुदाय की प्रशासन, राजनीति और अन्य सरकारी कार्यक्रमों में भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि मीठापुर में अनुसूचित जनजाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान का नया भवन बनाया जाएगा, जिसका निर्माण जनवरी से शुरू होगा।
सेमिनार में विशेषज्ञों ने जनजातीय समाज की भागीदारी, शोध और विकास पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के समापन पर मिशन निदेशक गौतम पासवान ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, शोधकर्ता एवं विशेषज्ञ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
