बोकारो, 24 मार्च 2026
चंद्रपुरा थर्मल पावर प्लांट से छाई (फ्लाई ऐश) ट्रांसपोर्टेशन कार्य में लगी कंपनी पीएमपी इंफ्राटेक लिमिटेड ने क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और पुलिस की कथित निष्क्रियता पर गहरा आक्रोश जताया है। कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि अनिल कुमार ने बोकारो पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
कंपनी के अनुसार, लगातार शिकायतों के बावजूद पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। इस वजह से कंपनी को प्रतिदिन लगभग 15 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
वाहन जलाने और चालक से मारपीट का आरोप
शिकायत में बताया गया है कि 20 मार्च की रात करीब 10:30 बजे भंडारीदह पुल के पास अपराधियों ने कंपनी के वाहन को रोक लिया। इस दौरान चालक के साथ मारपीट की गई और वाहन में आग लगा दी गई। मामले में चंद्रपुरा थाना में मुन्ना कुमार विश्वकर्मा और आशुतोष कुमार उर्फ अंशु राय के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
कंपनी का आरोप है कि आरोपितों द्वारा पहले से ही रंगदारी की मांग की जा रही थी। इस संबंध में 8 फरवरी, 14 फरवरी और 15 मार्च को भी पुलिस को लिखित सूचना दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
ट्रांसपोर्टेशन ठप, बिजली उत्पादन पर असर की आशंका
घटना के बाद से भय के माहौल में छाई ढुलाई का कार्य पूरी तरह बंद हो गया है। यह छाई नेशनल हाईवे निर्माण कार्य के लिए भेजी जा रही थी। यदि जल्द ही परिवहन कार्य शुरू नहीं हुआ, तो थर्मल पावर प्लांट में तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं, जिससे बिजली उत्पादन पर भी असर पड़ने की आशंका है।
सुरक्षा व्यवस्था की मांग
कंपनी प्रतिनिधि ने बताया कि बेरमो एसडीएम और हाइवा एसोसिएशन के साथ बैठक में सुरक्षा का आश्वासन दिया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए कार्यस्थल पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि काम सुचारू रूप से चल सके।
