Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher
बोकारो, 26 फरवरी 2026: बोकारो में नगर पालिका आम निर्वाचन-2026 की मतगणना, होली और रमजान को देखते हुए जिला प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है। उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी और दोषी सीधे जेल भेजे जाएंगे।
चास स्थित कृषि बाजार समिति परिसर में शुक्रवार 27 फरवरी को मतगणना होनी है। संभावित भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने विशेष यातायात प्रबंधन लागू किया है। एसडीओ चास प्रांजल ढांडा और ट्रैफिक डीएसपी विद्या शंकर ने संयुक्त रूप से नया रूट चार्ट जारी किया, जो सुबह 6 बजे से मतगणना समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
भारी वाहनों के लिए डायवर्जन
शहर में जाम की स्थिति रोकने के लिए भारी वाहनों को मुख्य मार्गों से डायवर्ट किया गया है-
- धनबाद से पुरुलिया/रांची जाने वाले वाहन तालगड़िया मोड़-अमलाबाद-चंदनकियारी मार्ग से गुजरेंगे।
- पुरुलिया से धनबाद जाने वाले वाहन मिर्धा चेकपोस्ट-पिण्ड्राजोरा मार्ग का उपयोग करेंगे।
- रांची से धनबाद जाने वाले वाहन जैनामोड़-तुपकाडीह-चंद्रपुरा-लोहपिट्टी मार्ग से संचालित होंगे।
- चंदनकियारी और तेलगड़िया से रांची जाने वाले वाहन अमलाबाद-बरमसिया मार्ग से गुजरेंगे।
छोटे वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग
आम नागरिकों की सुविधा के लिए छोटे वाहनों हेतु अलग व्यवस्था की गई है-
- धनबाद से रांची/पुरुलिया जाने वाले वाहन तेलमच्चो पुल–सेक्टर 11-हवाई अड्डा–नया मोड़–उकरीद मोड़ मार्ग अपनाएंगे।
- पुरुलिया/रांची से धनबाद आने वाले वाहन आईटीआई मोड़-उकरीद-नया मोड़-सेक्टर 11-तेलमच्चो पुल मार्ग से चलेंगे।
- चंदनकियारी और तेलगड़िया से आने वाले छोटे वाहनों के लिए भी हवाई अड्डा-नया मोड़ मार्ग निर्धारित किया गया है।
एनएच-32 पर विशेष प्रतिबंध
मतगणना केंद्र की संवेदनशीलता को देखते हुए एनएच-32 पर जोधाडीह मोड़ से आईटीआई मोड़ तक दोनों लेन आम यातायात के लिए बंद रहेंगी। केवल अधिकृत वाहन और सुरक्षा बलों को जांच के बाद प्रवेश मिलेगा। उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
शांति समिति और स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
समाहरणालय सभागार में आयोजित जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में प्रशासन ने सभी बीडीओ, सीईओ और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि रविवार तक थाना स्तर पर शांति समिति की बैठकें पूरी कर ली जाएं।
- भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने का संदेश दिया जाए।
- स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट पर रखा गया है।
- सभी पीएचसी में दवाएं, एंबुलेंस और चिकित्सक ऑन-ड्यूटी रहेंगे।
सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी
डीसी ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया है।
- आपत्तिजनक या भ्रामक पोस्ट करने वालों की तुरंत पहचान की जाएगी।
- सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
विजय जुलूस पर सख्त एसओपी
एसपी हरविंदर सिंह ने मतगणना और संभावित विजय जुलूसों के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
- बिना पूर्व अनुमति कोई जुलूस नहीं निकलेगा।
- मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलेगा।
- संवेदनशील क्षेत्रों में छापेमारी और रात्रि गश्ती बढ़ाई गई है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे होली और रमजान का पर्व शांति, सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और मतगणना प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा।
