Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher
रांची | 13 अक्टूबर 2025 — झारखंड में मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी रांची समेत आसपास के जिलों में सुबह और शाम की हवा में अब ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी और दिवाली के बाद ठंड का असर बढ़ेगा।
‘गुलाबी सर्दी’ की शुरुआत
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिन के समय धूप अभी भी तेज़ रहेगी, लेकिन सुबह और रात के समय ‘गुलाबी सर्दी’ का एहसास धीरे-धीरे बढ़ने लगा है।
राजधानी रांची, खूंटी, लोहरदगा और डाल्टनगंज में अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है।
वहीं, लातेहार जिले में पारा गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है, जिससे क्षेत्र में ठंड की आहट साफ महसूस की जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार दिवाली के बाद बढ़ेगी सर्दी
“उत्तर भारत से आने वाली ठंडी हवाओं का असर झारखंड में दिवाली के बाद और स्पष्ट रूप से दिखेगा। नवंबर के शुरुआती सप्ताह से राज्य के उत्तरी और मध्य भागों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट संभव है।”
इस बदलाव के चलते सुबह की सैर और स्कूल जाने वाले बच्चों को हल्की सर्दी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि बाजारों में गरम कपड़ों की बिक्री भी धीरे-धीरे शुरू हो गई है।
कृषि पर असर
मौसम में यह बदलाव किसानों के लिए राहत की खबर लेकर आया है। तापमान में गिरावट से रबी फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल माहौल बन रहा है। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह ठंडक गेहूं, मटर और सरसों की फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी।
झारखंड में मौसम अब शीत ऋतु की ओर बढ़ चला है। हल्की ठंड और साफ आसमान के साथ राज्य में त्योहारों का मौसम और खेतों की तैयारियोंन— दोनों का संगम दिखने लगा है।