Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher
पटना, 25 नवंबर 2025। राज्य की नई पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री श्रीमती रमा निषाद ने बुधवार को पुराने सचिवालय स्थित कार्यालय कक्ष में विधिवत रूप से अपना पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर विभाग के प्रधान सचिव एच.आर. श्रीनिवास ने पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया और कार्यभार संभालने पर बधाई दी।
विभाग की कार्यप्रणाली पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण
पदभार संभालने के बाद प्रधान सचिव ने मंत्री को विभाग की संरचना, कार्यप्रणाली और प्रमुख योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
प्रस्तुतीकरण में –
- विभागीय बजट,
- विभिन्न मदों में आवंटन और व्यय की स्थिति,
- और विभाग द्वारा संचालित प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
मुख्य योजनाओं में शामिल –
- मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग प्री-मैट्रिक, पोस्ट-मैट्रिक एवं प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति
- मुख्यमंत्री अत्यंत पिछड़ा वर्ग सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना
- अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय
- जननायक कर्पूरी ठाकुर छात्रावास योजना
- प्राक् परीक्षा प्रशिक्षण योजना
- कौशल विकास योजना आदि
“अंतिम पंक्ति के लाभार्थी तक योजना पहुँचाना मेरी प्राथमिकता” – रमा निषाद
पदभार ग्रहण समारोह में विभागीय अधिकारियों को संबोधित करते हुए मंत्री रमा निषाद ने कहा –
“मेरी पहली प्राथमिकता राज्य के पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों का सर्वांगीण उत्थान है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचे। इन वर्गों के सशक्तिकरण के लिए हम पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।”
अधिकारी एवं कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में विभाग के अपर सचिव, संयुक्त सचिव, उप सचिव सहित विभिन्न शाखाओं के वरीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
