Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher
बोकारो, 18 दिसम्बर, 2025: झारखंड की बोकारो पुलिस ने नावाडीह थाना क्षेत्र के ग्राम चपरी में निर्माणाधीन जलापूर्ति परियोजना परिसर में हुई सनसनीखेज ट्रांसफार्मर क्वाईल लूट का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने मुंशी और गार्ड को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था।
बीती 22 नवंबर 2025 की रात, चपरी स्थित संयुक्त ग्रामीण जलापूर्ति परियोजना के परिसर में 10-15 हथियारबंद अपराधी दीवार फांदकर घुसे थे। उन्होंने वहां तैनात गार्ड और मुंशी के साथ मारपीट की और उन्हें बंधक बना लिया। इसके बाद अपराधियों ने ट्रांसफार्मर को काटकर उसका कीमती तांबे का क्वाईल लूट लिया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए SDPO बेरमो (तेनुघाट) के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर, 17 दिसंबर 2025 को पेंक नारायणपुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापेमारी की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
- सुंदरलाल मरांडी (23 वर्ष) – ग्राम छोटकी कुड़ी।
- जितेन्द्र मुर्मू (22 वर्ष) – ग्राम छोटकी कुड़ी।
- फुलचन्द हांसदा (35 वर्ष) – ग्राम अदलबेड़ा।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने बताया कि वे रस्सी के सहारे बिजली के करंट को ‘ट्रिप’ कर देते थे ताकि करंट लगने का खतरा न रहे। उन्होंने स्वीकार किया कि उनके साथ 15-20 अन्य साथी भी इस काम में शामिल थे। इस गिरोह ने पिछले तीन महीनों में बोकारो थर्मल, गांधीनगर, कथारा और गोमिया थाना क्षेत्रों में भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर पुलिस ने निम्नलिखित सामान बरामद किया है:
- तांबे का क्वाईल: 3 बंडल (कुल वजन लगभग 50 किलोग्राम)।
- वाहन: एक स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (जितेन्द्र मुर्मू की)।
- मोबाइल: एक ओप्पो कंपनी का फोन (सुंदरलाल मरांडी का)।
पुलिस का अगला कदम: छापेमारी दल में SDPO बेरमो सहित कई थानों के प्रभारी और तकनीकी शाखा के जवान शामिल थे। पुलिस अब गिरोह के अन्य 15-20 सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
