राजेश मोहन सहाय
रांची, 19 दिसंबर 2025 : रांची–खूंटी जिला सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित नामकुम प्रखंड के सोदाग पंचायत अंतर्गत सुदूरवर्ती गरसुल अम्बाटोली क्षेत्र में सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने खुद पहल करते हुए श्रमदान के माध्यम से सड़क को चलने लायक बनाया। यह क्षेत्र पूर्व में नक्सल प्रभावित रहा है, जिसके कारण आज तक यहां समुचित पहुंच पथ का निर्माण नहीं हो सका है।
गरसुल अम्बाटोली के ग्रामीणों के लिए गांवों से आवागमन का केवल एक ही रास्ता उपलब्ध है, जो अत्यंत खराब और जर्जर अवस्था में है। सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
हालांकि गरसुल मुख्य पथ से अम्बाटोली तक सड़क निर्माण हेतु ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा टेंडर का प्रकाशन किया जा चुका है तथा स्थानीय विधायक राजेश कच्छप द्वारा लगभग एक वर्ष पूर्व शिलान्यास भी किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। शिलान्यास के बाद भी सड़क निर्माण न होने से यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि यह विभागीय तकनीकी समस्या है या फिर फंड की कमी, परंतु इसका सीधा असर ग्रामीणों के जीवन पर पड़ रहा है।
इसी समस्या को देखते हुए सोदाग पंचायत के मुखिया पतरस तिर्की के नेतृत्व में ग्रामीणों ने श्रमदान कर सड़क को अस्थायी रूप से दुरुस्त करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने सामूहिक श्रमदान कर रास्ते को चलने योग्य बनाया, ताकि कम से कम आवागमन की समस्या से राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है, ताकि उन्हें स्थायी समाधान मिल सके और क्षेत्र का समुचित विकास हो सके।
