बिहार सरकार और टीसीएफ के बीच तीन वर्षीय रणनीतिक साझेदारी, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

पटना, बिहार, 23 दिसंबर 2025 : राज्य के समग्र विकास को नई गति देने के उद्देश्य से बिहार सरकार के योजना एवं विकास विभाग और द कॉन्वर्जेन्स फाउंडेशन (TCF) के बीच तीन वर्षीय रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत की गई है। यह महत्वपूर्ण साझेदारी बिहार के मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई।

इस अवसर पर योजना एवं विकास विभाग के प्रधान सचिव श्री के. सेंथिल कुमार, सचिव श्री कँवल तनुज, संयुक्त सचिव श्री रविश किशोर, उप निदेशक श्री अशोक कुमार तिवारी, वरीय अनुसंधान पदाधिकारी श्रीमती शिप्रा, जनसंपर्क पदाधिकारी श्री प्रेम शंकर, सहायक निदेशक सुश्री श्रुति सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं टीसीएफ की ओर से प्रवीण खांगटा, अदिति एल्हंस, श्री नरेंद्र, गोपाल कृष्णन नायर, पल्लवी ढल, कमलनाथ झा और आदित्य तिवारी ने सहभागिता निभाई।

यह साझेदारी राज्य सरकार की ‘विकास एवं वृद्धि’ (Growth and Development) से जुड़ी प्राथमिकताओं को मजबूती प्रदान करने के लिए की गई है। समझौते के तहत टीसीएफ नीति निर्माण, सुधारों के क्रियान्वयन और राज्य के प्रमुख प्राथमिक क्षेत्रों में रणनीतिक सहयोग उपलब्ध कराएगा। यह सहयोग टीसीएफ द्वारा प्रत्यक्ष रूप से अथवा उसके पोर्टफोलियो आधारित संगठनों और अन्य विशेषज्ञ संस्थानों के माध्यम से प्रो-बोनो आधार पर भी प्रदान किया जाएगा।

इस रणनीतिक सहयोग के अंतर्गत निवेश सुधार, विनियामक प्रक्रियाओं का सरलीकरण, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षण और निर्यात प्रोत्साहन के जरिए निवेश अनुकूल वातावरण को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्रीय विकास के लिए रणनीतिक योजनाओं का निर्माण, पर्यटन नीति और रणनीति का विकास, गंतव्य ब्रांडिंग, सुशासन और प्रभावी साझेदारियों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

साझेदारी का एक अहम उद्देश्य सरकारी योजनाओं की प्रभावी डिलीवरी के लिए राज्य की संस्थागत क्षमता को मजबूत करना है। इसके तहत डेटा सिस्टम, साक्ष्य-आधारित नीति निर्माण, स्वच्छ वायु (क्लीन एयर) रणनीतियों के डिजाइन और उनके क्रियान्वयन में सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही मानव पूंजी विकास के क्षेत्र में शिक्षा, खेल, कौशल विकास, रोजगार योग्यता और विदेशों में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए भी रणनीतिक समर्थन दिया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, राज्य के मुख्य सचिव द्वारा समय-समय पर चिन्हित किए जाने वाले अन्य उभरते प्राथमिक क्षेत्रों में भी टीसीएफ अपनी क्षमता के अनुरूप सहयोग प्रदान करेगा। इस सहयोग के तहत मुख्य सचिव कार्यालय से संबद्ध एक रिसर्च एवं स्ट्रैटेजी यूनिट की स्थापना की जाएगी, जो विभिन्न विभागों, नेतृत्व और प्रमुख हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित कर नीति एवं रणनीति संबंधी सहयोग उपलब्ध कराएगी।

योजना एवं विकास विभाग का मानना है कि बिहार सरकार और टीसीएफ के बीच यह रणनीतिक साझेदारी राज्य के आर्थिक, सामाजिक और संस्थागत विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

JOIN US