केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने सीसीएल के मगध क्षेत्र का दौरा किया

Live ख़बर

Anjaan Jee –
Editor in Chief & Publisher

रांची, 12 सितंबर 2025 – केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री, श्री जी. किशन रेड्डी ने अपने झारखंड दौरे के दूसरे दिन रांची स्थित जेएसएसपीएस (झारखंड राज्य खेल संवर्धन सोसाइटी) का दौरा किया और उसके बाद सीसीएल के मगध संघमित्रा क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।

खिलाड़ियों को किया सम्मानित, बच्चों के साथ काटा केक

श्री रेड्डी ने खेलगांव स्थित जेएसएसपीएस में पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने हाल ही में स्थापित फिजियोथेरेपी सेंटर का भी अवलोकन किया। इसके अलावा, उन्होंने सितंबर में जन्मदिन मना रहे 16 बच्चों के साथ केक काटा और उन्हें उपहार देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे कड़ी मेहनत कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और राज्य का नाम रोशन करें।

सीसीएल और झारखंड सरकार की संयुक्त पहल, जेएसएसपीएस, 11 खेलों में खिलाड़ियों को आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएँ प्रदान करती है। यहाँ के खिलाड़ियों ने अब तक 15 अंतरराष्ट्रीय और 262 राष्ट्रीय पदक जीते हैं।

मगध क्षेत्र में किया खदान का निरीक्षण

इसके बाद मंत्री रेड्डी ने चतरा में सीसीएल के मगध संघमित्रा क्षेत्र का दौरा किया, जहाँ उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। उन्होंने कोयला खदान का जायजा लिया और खनन गतिविधियों की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विस्थापित हुए 24 लोगों को नौकरी के लिए इंटरव्यू लेटर भी सौंपा।

मंत्री ने महिला कर्मचारियों और श्रमिकों से भी मुलाकात की, उनकी चुनौतियों को समझा और उनके साथ सेल्फी भी ली। इस दौरान वृक्षारोपण का कार्यक्रम भी हुआ। उन्होंने अधिकारियों के साथ उत्पादन के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की और श्रमिकों से उनके विचार जाने।

सीएम हेमंत सोरेन से मुलाकात

मंत्री रेड्डी ने रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात की। इस शिष्टाचार मुलाकात के दौरान कोयला और नई खदानों से जुड़े मुद्दों पर सार्थक बातचीत हुई। इसके अलावा, श्रमिक उत्थान से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। इस दौरान कोयला मंत्रालय और कोल इंडिया के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।

JOIN US