Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher
रांची। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) मुख्यालय में 76वाँ संविधान दिवस राष्ट्रीय सम्मान और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भारत के संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र, मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री पंकज कुमार समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की प्रमुख झलकियाँ
पुष्पांजलि के बाद कोल इंडिया कॉर्पोरेट गीत प्रस्तुत किया गया।
- सीएमडी, निदेशकगण और सीवीओ को स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
- जीएम (लीगल) श्री वी.पी. जोबी ने स्वागत भाषण देकर संविधान दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला।
- सेवा-संबंधी केस लॉ पर आधारित E-Journal का भी शुभारंभ किया गया।
संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन

सीएमडी श्री निलेंदु कुमार सिंह ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया। उन्होंने कहा – “भारत का संविधान जनता के अधिकारों का सुदृढ़ ढांचा है। हमें ‘हम’ की भावना, परस्पर सम्मान और राष्ट्र निर्माण में सामूहिक योगदान के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है और सीसीएल ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ अपने दायित्वों को निभाता रहेगा।
निदेशक (वित्त) और निदेशक (मानव संसाधन) के विचार
निदेशक (वित्त) श्री पवन कुमार मिश्रा ने कहा कि संविधान का मूल सार न्याय, स्वतंत्रता और समानता में निहित है। उन्होंने इन मूल्यों को संस्थागत कार्य-प्रणाली में लागू करने पर विशेष जोर दिया।
निदेशक (मानव संसाधन) श्री हर्ष नाथ मिश्र ने संविधान को “भारत की आत्मा” बताया। उन्होंने कहा – “न्याय में विलंब, न्याय का निषेध है। अतः संवैधानिक मूल्यों का प्रभावी पालन अत्यंत आवश्यक है।”
सीवीओ का संबोधन
सीवीओ श्री पंकज कुमार ने लोकतांत्रिक ढांचे, जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए बनाए गए कानूनों तथा संविधान के चार स्तंभ – न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व – पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चों को संविधान की मूलभूत समझ देना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वंदे मातरम् का सामूहिक गायन और क्विज़ प्रतियोगिता

वंदे मातरम् गीत की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में सामूहिक वंदे मातरम् का भावपूर्ण गायन किया गया। साथ ही संविधान आधारित क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमापूर्ण वातावरण में किया गया।
