बोकारो में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन

Live ख़बर

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

बोकारो, 11 अक्टूबर, 2025 : सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 के तहत शनिवार को मानव संसाधन के ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के मुख्य ऑडिटोरियम में एक ज्ञान और तर्कों का महासंग्राम आयोजित किया गया। इस अंतर विद्यालय वाद-विवाद प्रतियोगिता का विषय था, “सामूहिक सतर्कता व्यक्तिगत सत्यनिष्ठा से अधिक शक्तिशाली है”, जिसमें 13 विद्यालयों के 52 मेधावी विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य महाप्रबंधक (सतर्कता) ज्ञानेश झा और मुख्य महाप्रबंधक (ज्ञानार्जन एवं विकास) नीता बा की उपस्थिति में हुआ। उद्घाटन अवसर पर ज्ञानेश झा ने सभी प्रतिभागियों और दर्शकों को सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। निर्णायक मंडल में महाप्रबंधक (जन संपर्क) मणिकांत धान, एसीएमओ (बीजीएच) डॉ. तृप्ति चंद्रा, और लेखिका एवं महिला समिति सचिव ऋचा प्रियदर्शनी शामिल थीं।

अंग्रेजी वाद-विवाद में पेंटिकॉस्टल असेंबली स्कूल के अर्पण कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान चिन्मया विद्यालय के अभिनव पाठक के नाम रहा, जबकि सेंट जेवियर्स स्कूल की तृषा सिन्हा ने तृतीय स्थान हासिल किया। इसी प्रतियोगिता में पेंटिकॉस्टल असेंबली स्कूल के हर्षित सिंह को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।

हिंदी वाद-विवाद में गुरु गोविन्द सिंह पब्लिक स्कूल की आकृति मिश्रा ने प्रथम स्थान, चिन्मया विद्यालय के पीयूष कुमार ने द्वितीय और पेंटिकॉस्टल असेंबली स्कूल के अयान रज़ा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चिन्मया विद्यालय की इशिता मुख़र्जी को सांत्वना पुरस्कार से नवाज़ा गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन वरीय प्रबंधक (सतर्कता) चित्रा पराशर ने किया। सभी विजेताओं को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

JOIN US