-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
पुराने विद्यालय भवन में 40 बुजुर्गों को मिलेगा सुरक्षित आशियाना, संचालन के लिए संस्थाओं से प्रस्ताव आमंत्रित
बोकारो, 26 नवंबर 2026 – बोकारो इस्पात संयंत्र (बीएसएल) ने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत बोकारो में एक आधुनिक वृद्धाश्रम बनाने की पहल की है। सेल की इकाई बीएसएल का मकसद उन बुजुर्गों को सुरक्षित और अपनापन भरा ठिकाना देना है, जो जीवन के आखिरी पड़ाव में अकेलेपन या असुरक्षा से जूझ रहे हैं। इसके लिए प्रबंधन ने वृद्धाश्रम चलाने वाली संस्था चुनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), स्वयंसेवी संस्थाओं, चैरिटेबल ट्रस्टों और दूसरी सक्षम एजेंसियों से प्रस्ताव मांगने के लिए ‘एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट’ (ईओआई) जारी किया गया है।
कार्ययोजना के मुताबिक वृद्धाश्रम के लिए बीएसएल अपना एक पुराना विद्यालय भवन देगा। शुरुआत में यहां कम से कम 40 बुजुर्गों के रहने, आराम करने और देखभाल की व्यवस्था की जाएगी। भवन की मरम्मत, जरूरी बदलाव और नए सिरे से सुधार का काम बीएसएल खुद कराएगा। यह काम तय मानकों के अनुसार होगा। इसमें बुजुर्गों के चलने-फिरने की सुविधा, इलाज की जरूरतों और मानसिक सुकून का खास ध्यान रखा जाएगा।
ईओआई की मुख्य शर्तों के अनुसार, पारदर्शी प्रक्रिया से चुनी गई संस्था को वृद्धाश्रम का रोजाना संचालन और प्रबंधन सौंपा जाएगा। उसे तय शर्तों और आगे होने वाले समझौता ज्ञापन (एमओए) के अनुसार पर्याप्त और प्रशिक्षित कर्मचारी तैनात करने होंगे। संस्था को ये व्यवस्थाएं भी पक्की करनी होंगी:
- पौष्टिक और संतुलित भोजन
- साफ-सफाई और व्यक्तिगत देखभाल
- आपात और नियमित इलाज की सुविधा
- पूरे परिसर का रखरखाव
- जरूरी रिकॉर्ड का रखरखाव
प्रबंधन के सूत्रों के अनुसार वृद्धाश्रम के संचालन की शुरुआती अवधि तीन साल तय की गई है। संस्था का काम और बुजुर्गों की सेवा संतोषजनक पाई गई तो इस अवधि को आगे बढ़ाया जा सकेगा। इस्पातनगरी के जागरूक नागरिक और सामाजिक संगठन इस पहल को बुजुर्गों के कल्याण की दिशा में एक अहम कदम मान रहे हैं।

