सीसीएल मुख्यालय में मना 77वां संविधान दिवस

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव

प्रस्तावना का पाठ, ई-जर्नल के दूसरे अंक का विमोचन और ओपन क्विज का आयोजन

रांची, 26 नवंबर 2026 – सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मुख्यालय में आज 77वां संविधान दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र और मुख्य सतर्कता अधिकारी (सीवीओ) पंकज कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यालय परिसर में लगी डॉ. बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर फूल चढ़ाकर की गई। इसके बाद सभी ने मिलकर वंदे मातरम् का गायन किया। सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने उपस्थित लोगों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया। सभी ने संविधान के मूल्यों, आदर्शों और लोकतांत्रिक सिद्धांतों पर चलने का संकल्प दोहराया।

‘अधिकार’ और ‘कर्तव्य’ में है संविधान का सार: सीएमडी

सभा को संबोधित करते हुए सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि संविधान का सार दो शब्दों, ‘अधिकार’ और ‘कर्तव्य’, में समाया है। संविधान जहां हमें अधिकार देता है, वहीं देश, समाज और अपने काम के प्रति हमारी जिम्मेदारी का भी एहसास कराता है। उन्होंने सभी से संविधान के मूल्यों को अपनाने और अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाने की अपील की।

संविधान एकता और भाईचारे की नींव: निदेशक (मानव संसाधन)

निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने कहा कि संविधान सिर्फ कानूनी दस्तावेज नहीं है। यह देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे की बुनियाद है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक और सीसीएल कर्मी का फर्ज है कि वह संविधान के मूल्यों का सम्मान करे और ईमानदारी व जिम्मेदारी से अपना काम करे।

निष्पक्षता और पारदर्शिता की प्रेरणा: सीवीओ

मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार ने कहा कि संविधान हमें निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 हर व्यक्ति को समानता और सम्मान के साथ जीने का अधिकार देते हैं। इन अनुच्छेदों से हर नागरिक को सम्मान और बराबर मौका मिलना तय होता है।

ई-जर्नल का विमोचन, क्विज के विजेता सम्मानित

कार्यक्रम में ‘ई-जर्नल’ पत्रिका के दूसरे अंक का विमोचन किया गया। संविधान से जुड़े विषयों पर ओपन क्विज भी हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साह से हिस्सा लिया। विजेताओं को सम्मानित किया गया।

स्वागत भाषण महाप्रबंधक (विधि विभाग) जोबी वी. पी. ने दिया। उन्होंने बताया कि 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान बनकर तैयार हुआ और अपनाया गया, जबकि 26 जनवरी 1950 से यह लागू हुआ। धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ प्रबंधक (विधि विभाग) महेंद्र प्रताप ने दिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Verified by MonsterInsights