कल्पना मुर्मू सोरेन बनीं झामुमो की कार्यकारी अध्यक्ष, महाधिवेशन में हुआ फैसला

Subscribe & Share

रांची, 14 अप्रैल, 2025 – गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह घोषणा आज रांची में आयोजित झामुमो के 13वें महाधिवेशन में की गई।

महाधिवेशन में झामुमो के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन भी व्हीलचेयर पर पहुंचे। उनकी उपस्थिति ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भर दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता शिबू सोरेन के पीछे खड़े रहे और व्हीलचेयर को सहारा देते हुए दिखाई दिए। शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन भी व्हीलचेयर पर महाधिवेशन में उपस्थित थीं।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोशल मीडिया पर शिबू सोरेन के साथ की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “झारखंड ही नहीं, पूरे देश-दुनिया के लोग आदरणीय दिशोम गुरुजी को आदर-सम्मान की नजरों से देखते हैं। आदरणीय दिशोम गुरुजी जी के नेतृत्व तथा असंख्य क्रांतिकारियों के संघर्ष और बलिदान के बाद हमें झारखंड अलग राज्य मिला। आदरणीय दिशोम गुरुजी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा का जो विशाल पेड़ लगाया है, और जिस पेड़ की जड़ें झारखंड के घर-घर में फैली हुई हैं, उसे सींचने का काम हमें करना है। हमारे अगुआ नेताओं के संघर्ष को सम्मान देने का काम हमें करना है।”

शिबू सोरेन की बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए, पार्टी ने कल्पना मुर्मू सोरेन को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आगे लिखा, “आज आदरणीय दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी की अध्यक्षता में रांची में आयोजित झारखंड मुक्ति मोर्चा के 13वें महाधिवेशन कार्यक्रम में शामिल हुआ। इस दो दिवसीय महाधिवेशन में शामिल झामुमो परिवार के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं और जुझारू सिपाहियों को हार्दिक बधाई, शुभकामनाएं और जोहार।”

झारखंड मुक्ति मोर्चा का दो दिवसीय 13वां महाधिवेशन आज से शुरू हो गया है।


Rajesh Mohan Sahay

× Subscribe