अंतरराष्ट्रीय पैरा थ्रो बॉल खिलाड़ी महिमा उरांव को मिला अबुआ आवास का स्वीकृति पत्र

Live ख़बर

-लाइव ख़बर नेशन || राजेश मोहन सहाय

खेल जगत में नाम रोशन करने वाली महिमा उरांव का पक्के मकान का सपना हुआ साकार

नामकुम, 05 नवम्बर 2026: अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के बल पर देश और झारखंड का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर ऊँचा करने वाली पैरा थ्रो बॉल खिलाड़ी महिमा उरांव को अबुआ आवास योजना का स्वीकृति पत्र मिल गया है। सोदाग पंचायत की रहने वाली महिमा का पुराना मिट्टी का घर बेहद जर्जर हालत में था और बरसात के दिनों में छत से पानी टपकने की समस्या बनी रहती थी, जिससे उन्हें काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

खिलाड़ी की इस गंभीर समस्या को स्थानीय मुखिया पतरस तिर्की ने रांची उपायुक्त और प्रखंड विकास पदाधिकारी के संज्ञान में पहुँचाया था। जिला प्रशासन ने मामले की गंभीरता को समझते हुए त्वरित कदम उठाया। नामकुम प्रखंड विकास पदाधिकारी पिंकी प्रियंका हेमरोम और मुखिया पतरस तिर्की ने संयुक्त रूप से महिमा उरांव को अबुआ आवास योजना का स्वीकृति पत्र सौंपा। इस पहल से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है और इसे दिव्यांगता के समावेश की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर कोच मुकेश कंचन, वार्ड सदस्य प्रिया गाड़ी, पंचायत सचिव विक्रम कुमार महतो, जनसेवक एमलेन स्वेता मिंज सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। झारखंड विकलांग जन फोरम के सदस्यों और पारा स्पोर्ट्स खिलाड़ियों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे अन्य दिव्यांग खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

Verified by MonsterInsights