अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सीसीएल में प्रेरणादायी कार्यक्रम

Live ख़बर

“Give to Gain” थीम के साथ जवाहरनगर क्लब में सम्मानित हुईं महिला अचीवर्स

Anjaan Jee : Editor in Chief & Publisher

रांची | 8 मार्च 2026

सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जवाहरनगर क्लब में “Give to Gain” थीम पर एक भव्य और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीसीएल परिवार की ओर से रीता तिवारी और नीरू हंजूरा की विशेष उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत BMI और बोन डेंसिटी टेस्ट के उद्घाटन से हुई, जिसका आयोजन WIPS के तत्वावधान में गांधीनगर अस्पताल CCL, रांची द्वारा किया गया। इसके साथ ही आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनका अवलोकन और मूल्यांकन अतिथियों ने किया। विजेताओं को रीता तिवारी और नीरू हंजूरा द्वारा पुरस्कृत किया गया।

दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना से हुआ मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ

मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलन और सुश्री अल्पना अदिति की गणेश वंदना के साथ हुआ।

बीवा उरांव, महाप्रबंधक (प्रणाली) एवं WIPS CCL की समन्वयक ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। वहीं कविता गुप्ता, महाप्रबंधक (एचआर), सीसीएल ने भारत सरकार के केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री का अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस संदेश पढ़कर सुनाया।

WIPS CCL की अध्यक्षा एवं जीएम (ईएंडएम) सुचंद्रा सिन्हा ने कार्यक्रम की रूपरेखा और संगठन की भविष्य की कार्ययोजनाओं को साझा किया।

‘हमारी बिंदा’ लघु फिल्म ने जीता दिल

कार्यक्रम के दौरान सीसी एंड पीआर विभाग द्वारा निर्मित विशेष लघु फिल्म “हमारी बिंदा” का प्रदर्शन किया गया। इसमें बिंदा कुमारी की प्रेरक कहानी दिखाई गई, जिन्होंने अपने पिता के निधन के बाद अपने भाई-बहनों की जिम्मेदारी संभाली और साथ ही सीसीएल में अपने कर्तव्यों को समर्पण के साथ निभाया।

उनके सामाजिक योगदान, विशेषकर अपने गांव मनातू में मंदिर निर्माण की पहल को भी फिल्म में दर्शाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।

विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं ने साझा किए प्रेरक विचार

कार्यक्रम में कई प्रतिष्ठित महिलाओं ने अपने अनुभव और विचार साझा किए, जिनमें शामिल रहीं—

  • रश्मि वर्मा
  • दुर्गावती
  • मोनिका गुंजन आर्या
  • जयश्री देवी इंदवार

इन सभी वक्ताओं को इस अवसर पर सम्मानित किया गया और उन्होंने सीसीएल की महिला कार्यबल को राष्ट्र निर्माण और ऊर्जा सुरक्षा में उनके योगदान के लिए प्रोत्साहित किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और जीवंत बना दिया। इसमें आदिवासी स्वागत नृत्य, सुचित्रा मुखर्जी, सुचंद्रा सिन्हा और श्वेता शालिनी हांसदा के गीत, पूजा प्रसाद का वाद्य यंत्र वादन तथा पिंकी, उमंग सिंह, मीनाक्षी, प्रेमलता, डॉ. सांवली और सुरभि भगत की आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियां शामिल रहीं।

इस अवसर पर कंपनी की 15 उत्कृष्ट महिला अचीवर्स को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन कविता गुप्ता के धन्यवाद ज्ञापन और प्रतिभागियों के उत्साहपूर्ण ओपन डांस के साथ हुआ।

सीसीएल ने इस अवसर पर अपनी नारी शक्ति के साहस, समर्पण और नेतृत्व को नमन करते हुए कहा कि कंपनी की महिला कर्मी देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

JOIN US

Verified by MonsterInsights