‘नन्हा सा दिल’ पहल से 300 बच्चों को मिला नया जीवन, सीसीएल ने संवारी जिंदगी

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों का हुआ नि:शुल्क इलाज, फरवरी 2027 तक 500 सर्जरी का लक्ष्य

रांची, 26 सितंबर: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) की सीएसआर पहल “नन्हा सा दिल” के तहत जन्मजात हृदय रोग (सीएचडी) से पीड़ित 300 बच्चों की सफल सर्जरी पूरी कर ली गई है। इस उपलब्धि के अवसर पर सीसीएल मुख्यालय के स्पंदन सभागार में सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने लाभान्वित बच्चों व उनके परिजनों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। कार्यक्रम में 1 से 11 वर्ष आयु वर्ग के पांच बच्चों और उनके अभिभावकों को ‘गिफ्ट ऑफ लाइफ सर्टिफिकेट’ देकर सम्मानित किया गया।

सीसीएल का लक्ष्य फरवरी 2027 तक कुल 500 बच्चों की नि:शुल्क हार्ट सर्जरी कराने का है। इस योजना के अंतर्गत झारखंड के विभिन्न जिलों में बच्चों की स्क्रीनिंग, प्राथमिक उपचार और सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों में परिजनों सहित भेजकर संपूर्ण इलाज व देखभाल का खर्च सीसीएल वहन करता है। परिजनों ने भावुक होकर आभार जताते हुए कहा कि सीसीएल ने उनके बच्चों को जीवनदान देकर पूरे परिवार में नई उम्मीद जगाई है। सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि यह सिर्फ सर्जरी पूरी होने का आंकड़ा नहीं, बल्कि 300 नन्हे दिलों की धड़कनों में नई जिंदगी जोड़ने का दिन है। इस मौके पर निदेशक (वित्त) पवन कुमार मिश्रा, निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी और निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा भी मौजूद रहे।

Verified by MonsterInsights