सीसीएल मुख्यालय में शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता का आगाज

Live ख़बर

– Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

102 कर्मचारियों ने लिया हिस्सा, विजेता खिलाड़ी अंतर-क्षेत्रीय प्रतियोगिता में करेंगे मुख्यालय का प्रतिनिधित्व

रांची, 14 जुलाई 2026 | सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय में सोमवार को द्वि-दिवसीय अंतर-विभागीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता 2026-27 का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं मुख्य प्रबंधक (वित्त) संजय कुमार सिंह ने प्रबंधक (खेल) आदिल हुसैन के साथ शतरंज की पहली चाल चलकर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए संजय कुमार सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि टीम भावना, अनुशासन, एकाग्रता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि कार्य की व्यस्तता के बीच इस तरह की प्रतियोगिताएं कर्मचारियों में सकारात्मक ऊर्जा और कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

प्रतियोगिता के पहले दिन शतरंज प्रतियोगिता का संचालन आर.आर. सिंह तथा कैरम प्रतियोगिता का संचालन शशि भूषण मंडल के नेतृत्व में किया गया। प्रतियोगिता में शतरंज के 33 और कैरम के 69 प्रतिभागियों सहित कुल 102 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कैरम एकल मुकाबलों में अमित जुनैद अख्तर, शशि भूषण मंडल, मनोहर कर्माली, संदीप कुमार और प्रभात दयाल ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं शतरंज प्रतियोगिता में राजकुमार सिंह, दीपक श्रीवास्तव, रोहित, रामजी उरांव तथा आर.आर. सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अगले चरण के लिए क्वालीफाई किया।

आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी सीसीएल अंतर-क्षेत्रीय शतरंज एवं कैरम प्रतियोगिता 2026-27 के लिए मुख्यालय टीम में किया जाएगा। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले और समापन समारोह 14 जुलाई को आयोजित होंगे।

इस आयोजन के सफल संचालन में सीसीएल कल्याण विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।