लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
वेदांता ESL आर्चरी अकादमी के तीरंदाज ने व्यक्तिगत स्पर्धा में जीता स्वर्ण, टीम स्पर्धा में हासिल किया कांस्य पदक
बोकारो, 12 नवंबर 2026। झारखंड के युवा तीरंदाज कुलदीप महतो ने 46वीं NTPC जूनियर नेशनल तीरंदाजी चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो पदक अपने नाम किए। वेदांता ESL आर्चरी अकादमी के खिलाड़ी कुलदीप ने व्यक्तिगत ओलंपिक राउंड स्पर्धा में स्वर्ण पदक और टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर बोकारो सहित पूरे झारखंड का नाम रोशन किया।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में 21 से 28 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के युवा तीरंदाजों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में कुलदीप ने अपने बेहतर निशाने, लगातार अभ्यास और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए व्यक्तिगत स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया। वहीं टीम स्पर्धा में भी उन्होंने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की।
कुलदीप की इस उपलब्धि पर ESL Steel Limited के CEO एवं Whole-Time Director रवीश शर्मा ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की प्रतिभा को निखारने के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना विकसित करते हैं। राष्ट्रीय स्तर पर कुलदीप की सफलता उनकी मेहनत, लगन और मजबूत इरादों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि वेदांता ESL आर्चरी अकादमी के माध्यम से स्थानीय युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और स्थानीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार करना है। उन्होंने कुलदीप के साथ उनके कोच बुद्धेश्वर मुर्मू को भी इस सफलता के लिए बधाई दी।
कुलदीप की इस उपलब्धि के पीछे ESL Steel Limited की ओर से खेलों को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने के प्रयास भी अहम हैं। कंपनी की वेदांता ESL आर्चरी अकादमी में युवा खिलाड़ियों को पेशेवर प्रशिक्षण के साथ आधुनिक उपकरण, बेहतर अभ्यास सुविधाएं और पोषण संबंधी सहायता दी जाती है। इसके अलावा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर भी उपलब्ध कराए जाते हैं।
कोच बुद्धेश्वर मुर्मू के मार्गदर्शन में कुलदीप लगातार अभ्यास कर रहे हैं। उनके प्रशिक्षण में खिलाड़ी ने अनुशासन और मेहनत के दम पर अपनी खेल क्षमता को बेहतर बनाया है। राष्ट्रीय चैंपियनशिप में मिले दो पदक अकादमी के प्रशिक्षण प्रयासों और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हैं।
ESL Steel Limited खेल, शिक्षा और सामुदायिक विकास के जरिए समाज के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। कंपनी का प्रयास है कि स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को उनकी प्रतिभा के अनुसार बेहतर मंच और सुविधाएं मिलें, ताकि वे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
कुलदीप महतो की इस सफलता से बोकारो के युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। ESL Steel Limited ने कुलदीप और उनके कोच बुद्धेश्वर मुर्मू को बधाई देते हुए भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की है।

