‘रक्तांचल-3’ के प्रमोशन के लिए पटना पहुंचे कलाकार

Live ख़बर

रंजीत प्रसाद सिन्हा : संवाददाता

16 जुलाई से अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होगी चर्चित क्राइम-थ्रिलर सीरीज, नए सीजन में सत्ता, बदले और वर्चस्व की जंग होगी और अधिक रोमांचक

पटना, 14 जुलाई। चर्चित क्राइम-थ्रिलर वेब सीरीज ‘रक्तांचल सीजन-3’ के प्रमोशन के लिए अभिनेता क्रांति प्रकाश झा, निकितिन धीर और निर्देशक रितम श्रीवास्तव मंगलवार को पटना पहुंचे। होटल चाणक्या में आयोजित प्रेस वार्ता में कलाकारों ने आगामी सीजन की कहानी, अपने किरदारों और बिहार के दर्शकों से मिले स्नेह को लेकर विस्तार से चर्चा की।

प्रेस वार्ता के दौरान कलाकारों ने बताया कि ‘रक्तांचल सीजन-3’ केवल गैंगवार की कहानी नहीं है, बल्कि सत्ता, राजनीति, विश्वासघात और बदले की मानसिकता पर आधारित एक सशक्त क्राइम-ड्रामा है। उनका कहना था कि इस बार दर्शकों को पहले से अधिक रोमांच, अप्रत्याशित ट्विस्ट और दमदार एक्शन देखने को मिलेगा।

अभिनेता क्रांति प्रकाश झा ने कहा कि बिहार उनके लिए हमेशा विशेष रहा है। उन्होंने बताया कि यहां के दर्शकों ने ‘रक्तांचल’ के दोनों सीजन को भरपूर प्यार दिया, जिससे टीम को तीसरे सीजन को और बेहतर बनाने की प्रेरणा मिली। उन्होंने कहा कि इस बार विजय सिंह का किरदार पहले से अधिक परिपक्व, आक्रामक और बदले की भावना से प्रेरित दिखाई देगा। पटना में प्रमोशन करना उनके लिए घर लौटने जैसा अनुभव है।

अभिनेता निकितिन धीर ने कहा कि उनके किरदार वसीम खान का स्वरूप इस बार और अधिक रणनीतिक तथा प्रभावशाली होगा। उन्होंने कहा कि सत्ता की लड़ाई अब केवल ताकत की नहीं, बल्कि राजनीति, रणनीति और मानसिक कौशल की भी होगी। दर्शकों को विजय सिंह और वसीम खान के बीच जबरदस्त टकराव देखने को मिलेगा। उन्होंने बिहार और पूर्वांचल के दर्शकों के बढ़ते डिजिटल मनोरंजन प्रेम की भी सराहना की।

निर्देशक रितम श्रीवास्तव ने बताया कि तीसरे सीजन में कहानी को नए राजनीतिक समीकरणों, बदलते गठबंधनों और विश्वासघात के साथ आगे बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि टीम ने सीरीज को पहले से अधिक वास्तविक, प्रभावशाली और सिनेमाई बनाने का प्रयास किया है, ताकि प्रत्येक एपिसोड दर्शकों के लिए नया रोमांच लेकर आए।

उन्होंने बताया कि सीरीज की कहानी सिद्धार्थ मिश्रा ने लिखी है। ‘रक्तांचल सीजन-3’ का प्रीमियर 16 जुलाई से अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर होगा, जहां दर्शक इसे बिना किसी सब्सक्रिप्शन के निःशुल्क देख सकेंगे। इस सीजन में क्रांति प्रकाश झा, निकितिन धीर, करण पटेल, माही गिल, राजेश कुमार और विक्रम कोचर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे।