फरार अंचलाधिकारी रिश्वत मामले में गिरफ्तार

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की कार्रवाई, बाजपट्टी के अंचलाधिकारी को सरकारी आवास से किया गिरफ्तार

पटना, 14 जुलाई। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (वीआईबी), बिहार ने रिश्वत मांगने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे बाजपट्टी (सीतामढ़ी) के अंचलाधिकारी प्रभात कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2025 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत विशेष न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के अनुसार, निगरानी थाना कांड संख्या-116/25 दिनांक 20 दिसंबर 2025 में परिवादी नरेश राम, निवासी पिपराही, थाना बाजपट्टी, जिला सीतामढ़ी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि बाजपट्टी के तत्कालीन अंचलाधिकारी प्रभात कुमार सरकारी अमीन द्वारा भूमि मापी के बाद दखल-कब्जा दिलाने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे।

मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।

फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस उपाधीक्षक नरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए बाजपट्टी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय परिसर स्थित अंचलाधिकारी के सरकारी आवास से प्रभात कुमार को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की कार्रवाई कार्यपालक दंडाधिकारी, पुपरी (सीतामढ़ी) की उपस्थिति में संपन्न कराई गई।

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए विशेष न्यायाधीश, निगरानी, मुजफ्फरपुर की अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।