बांकीपुर में चुनावी बयानबाजी तेज

Live ख़बर

Santosh K Srivastav : Editor in Chief & Publisher

उपचुनाव को लेकर भाजपा और जन सुराज के बीच जुबानी जंग, भाजपा समर्थक गोपाल सिंह ने प्रशांत किशोर पर साधा निशाना

पटना। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। एक ओर भारतीय जनता पार्टी ने नीरज कुमार को अपना उम्मीदवार बनाया है, वहीं जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर स्वयं चुनावी मैदान में उतरकर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। दोनों पक्षों के बीच चुनाव प्रचार के दौरान आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है।

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने दावा किया है कि बांकीपुर की जनता इस बार भारतीय जनता पार्टी को सबक सिखाएगी और भाजपा प्रत्याशी की जमानत भी जब्त हो जाएगी।

इधर, जन सुराज छोड़कर भारतीय जनता पार्टी के समर्थन में आए गोपाल सिंह ने प्रशांत किशोर के दावों को खारिज करते हुए कहा कि चुनावी मुकाबले में उनकी स्थिति मजबूत नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा संगठनात्मक राजनीतिक दल है और उसका जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।

गोपाल सिंह ने कहा कि प्रशांत किशोर लगातार सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन उन्हें यह भी बताना चाहिए कि उन्होंने अथवा उनके परिवार ने बांकीपुर के विकास के लिए क्या योगदान दिया है। उन्होंने दावा किया कि उनके परिवार के पूर्वजों ने बांकीपुर में दयानंद बालिका उच्च विद्यालय की स्थापना कर शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसे आज भी लोग याद करते हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता विकास, संगठन और जनसेवा के आधार पर अपना निर्णय करेगी।

उल्लेखनीय है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है और नेताओं के बीच बयानबाजी भी लगातार तेज होती जा रही है।