अस्पताल की बदहाली पर एसडीएम नाराज

Live ख़बर

एस०एन०चतुर्वेदी : बाढ़ (पटना) संवाददाता

बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल के औचक निरीक्षण में मिलीं कई खामियां, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी, संबंधित एजेंसी और अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश

बाढ़, 19 जुलाई। बाढ़ की अनुमंडल पदाधिकारी गरिमा लोहिया ने अनुमंडलीय अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में व्याप्त गंदगी और अव्यवस्था को देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई तथा संबंधित अस्पतालकर्मियों को फटकार लगाई। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने और कार्रवाई की अनुशंसा करने का निर्देश दिया।

औचक निरीक्षण के दौरान एसडीएम के अस्पताल पहुंचते ही कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, महिला प्रसूति वार्ड, पैथोलॉजी, लैब, एक्स-रे तथा ईसीजी कक्ष का निरीक्षण कर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर और वार्डों में साफ-सफाई की बदहाल स्थिति देखकर एसडीएम ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि मरीजों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सफाई व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

अस्पताल प्रबंधक की निरीक्षण के समय अनुपस्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी जताई और उनके विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। साथ ही सफाई एजेंसी के कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा करने की बात कही।

गरिमा लोहिया ने कहा कि अस्पताल में चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी जो भी कमियां हैं, उन्हें दूर करने के लिए जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजा जाएगा, ताकि आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें।

अस्पताल परिसर में फैली गंदगी पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने आसपास के दवा दुकानदारों और आम नागरिकों से भी परिसर की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अस्पताल को स्वच्छ रखना केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज की भी साझा जिम्मेदारी है।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के उपाधीक्षक, बड़ा बाबू तथा अन्य अस्पतालकर्मी मौजूद रहे।

Verified by MonsterInsights