– एस०एन०चतुर्वेदी : बाढ़ (पटना) संवाददाता
नीट (यूजी)-2026 में सफलता हासिल कर बनीं प्रेरणा, कड़ी मेहनत और माता-पिता व गुरुजनों के मार्गदर्शन को दिया श्रेय
बाढ़, 19 जुलाई। कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से सफलता प्राप्त की जा सकती है, इसे नीट (यूजी)-2026 परीक्षा में सफलता हासिल कर मीसा भारती ने साबित कर दिया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। सफलता की खबर मिलते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।
मीसा भारती ने अपनी सफलता का श्रेय कड़ी मेहनत, ईश्वर की कृपा, माता-पिता के सहयोग, गुरुजनों के मार्गदर्शन और शुभचिंतकों के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उनके निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच का परिणाम है। उनका लक्ष्य आगे भी पूरी मेहनत और समर्पण के साथ पढ़ाई जारी रखते हुए चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करना है।
उन्होंने कहा कि वह अपने माता-पिता के सपनों को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा से आगे भी अध्ययन करती रहेंगी। उनका मानना है कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और निरंतर परिश्रम ही मंजिल तक पहुंचने का सबसे बड़ा माध्यम है।
मीसा भारती के पिता एवं वरीय पत्रकार राजेश कुमार ने बेटी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने बताया कि परिणाम घोषित होने के बाद परिजनों, मित्रों, शुभचिंतकों और परिचितों से लगातार बधाइयां मिल रही हैं। उन्होंने सभी शुभेच्छुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह और आशीर्वाद आगे भी बेटी को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
मीसा भारती की इस उपलब्धि को क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में उनकी सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

