-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
सात निश्चय-3 के तहत हर माह के चौथे मंगलवार को लगेगा शिविर, 30 दिनों में होगा शिकायतों का निपटारा
औरंगाबाद, 23 सितंबर: सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान, जीवन आसान” के लक्ष्य को धरातल पर उतारने के लिए जिला प्रशासन औरंगाबाद ने एक सराहनीय व संवेदनशील पहल की है। औरंगाबाद के प्रतिष्ठित सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज परिसर में ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने की। समारोह का शुभारंभ राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के गायन तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक, छात्रावास, परीक्षा और संस्थागत समस्याओं को सीधे सुनना तथा निर्धारित समय-सीमा में उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विद्यार्थियों से सुझाव भी आमंत्रित किए गए। जिला प्रशासन अब प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को ऐसे सहयोग शिविरों का नियमित आयोजन करेगा।

संबोधन के दौरान जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने कहा कि यह शिविर मात्र शिकायतों के निवारण का माध्यम नहीं, बल्कि प्रशासन और युवाओं के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त मंच है। उन्होंने बताया कि कक्षाओं के नियमित संचालन, शिक्षकों की उपस्थिति, समय पर परीक्षा व परिणाम, अवैध शुल्क वसूली, पेयजल, शौचालय, प्रयोगशाला, बिजली, छात्रावास और विधि-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी समस्या को विद्यार्थी बिना किसी संकोच के दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों की पूर्ण गोपनीयता रखी जाएगी और 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1100 तथा पोर्टल sahyogshivir.bihar.gov.in भी उपलब्ध कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने विधि-व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े मामलों पर त्वरित व सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। इस अवसर पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, जिला शिक्षा पदाधिकारी दयाशंकर, महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
