-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
भागलपुर-नवगछिया के बीच चलेंगे नाव और क्रूज, बोर्डिंग प्वाइंट्स व निर्धारित किराए की होगी सख्त निगरानी
भागलपुर, 23 सितंबर: गंगा नदी पर स्थित प्रमुख विक्रमशिला सेतु के आगामी दिनों में मरम्मत या रखरखाव कार्य के चलते संभावित रूप से बंद रहने की स्थिति को देखते हुए भागलपुर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। आम नागरिकों और यात्रियों के सुरक्षित व सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को जिला पदाधिकारी ने गठित उच्चस्तरीय समिति को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। प्रशासन का मुख्य जोर सुदृढ़ वैकल्पिक यातायात व्यवस्था, जलमार्ग परिचालन और नागरिक सुविधाओं को चाक-चौबंद करने पर है।
जिला प्रशासन ने भागलपुर से नवगछिया के बीच गंगा नदी में नाव और क्रूज परिचालन के लिए स्पष्ट रूट-चार्ट और समय-सारणी (टाइम-टेबल) निर्धारित करने का आदेश दिया है। छोटी व बड़ी नावों के साथ-साथ क्रूज संचालन के लिए प्रारंभिक और अंतिम पड़ावों पर सुरक्षित बोर्डिंग और डी-बोर्डिंग प्वाइंट्स (Boarding & De-Boarding Points) चिन्हित किए जा रहे हैं। इन स्थलों पर यात्रियों के सुरक्षित चढ़ने-उतरने, व्यवस्थित वाहन पार्किंग और प्रभावी भीड़ नियंत्रण के पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे।
इसके साथ ही, सड़क मार्ग पर वाहनों के सुचारू आवागमन के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। यात्रियों से मनमाना किराया वसूली रोकने के लिए निर्धारित भाड़े की सूची को प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने और अधिकारियों द्वारा नियमित निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। परिवहन विभाग, पुलिस, यातायात, पथ निर्माण और नगर निकाय को आपसी समन्वय स्थापित कर सुरक्षा मानकों एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को समय से पहले पूरा करने की सख्त हिदायत दी गई है।
