– एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
सीसीटीएनएस, अनुसंधान कक्ष और चाइल्ड वेलफेयर रूम से लैस हुआ थाना; सुरक्षा व त्वरित पुलिसिंग को मिलेगा बढ़ावा
पटना, 26 अगस्त: राजधानी पटना में विधि-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जनसुरक्षा को प्रभावी बनाने की दिशा में आलमगंज थाना के नवनिर्मित भवन का विधिवत उद्घाटन किया गया। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के निर्देशानुसार नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा ने फीता काटकर नए भवन का लोकार्पण किया।
आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस नए थाना भवन में सीसीटीएनएस (CCTNS) कक्ष, अनुसंधान कक्ष, सिरिस्ता कक्ष तथा चाइल्ड वेलफेयर फैसिलिटेशन रूम की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही परिसर में उन्नत सीसीटीवी (CCTV) कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। इन आधुनिक सुविधाओं से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था के संधारण, महिला सुरक्षा और जनसेवा को अधिक पारदर्शी व त्वरित बनाया जा सकेगा।
उद्घाटन के अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलजा ने नए भवन की उपयोगिता और पुलिस की प्राथमिकताओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बेहतर बुनियादी ढांचे से क्षेत्रवासियों को त्वरित, सुलभ और प्रभावी पुलिसिंग सेवाएं मिलेंगी। कार्यक्रम में कई पुलिस पदाधिकारी, पुलिसकर्मी और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

