-एस०एन०चतुर्वेदी की रिपोर्ट
अल्पसंख्यक कल्याण, शिक्षा और वक्फ से जुड़े अहम मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा
पटना, 21 सितंबर: राज्य सुन्नी वक्फ बोर्ड के चेयरमैन मो. इर्शादुल्लाह ने सम्राट चौधरी से औपचारिक एवं सौहार्दपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुष्प गुच्छ भेंट कर अभिनंदन किया। बैठक के दौरान राज्य के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, अल्पसंख्यक समुदाय के उत्थान, वक्फ संपत्तियों के संरक्षण व प्रबंधन तथा सामाजिक और शैक्षणिक प्रगति से जुड़े विभिन्न अहम विषयों पर विस्तार से विमर्श हुआ।
चेयरमैन मो. इर्शादुल्लाह ने सुन्नी वक्फ बोर्ड से जुड़े जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से रखा। साथ ही प्रदेश के अल्पसंख्यक समाज के शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ठोस व सकारात्मक कदम उठाने की दिशा में विचार साझा किए। यह मुलाकात समाज के सभी वर्गों के समग्र कल्याण और प्रशासनिक समन्वय को सुदृढ़ करने के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।
वार्ता के उपरांत चेयरमैन मो. इर्शादुल्लाह ने सम्राट चौधरी की कार्यशैली और नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि वे राज्य के विकास और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के प्रति सदैव गंभीर और संवेदनशील रहते हैं।
