रांची में एम्स की तर्ज पर खुलेगा भव्य आयुष अस्पताल

Live ख़बर

-संतोष श्रीवास्तव की रिपोर्ट

900 करोड़ की लागत से तैयार हुआ डीपीआर, स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र को भेजा प्रस्ताव

रांची, 20 सितंबर 2026। राजधानी रांची में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की तर्ज पर एक अत्याधुनिक और वृहद आयुष अस्पताल स्थापित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 900 करोड़ रुपये की विस्तृत कार्ययोजना (डीपीआर) तैयार कर आयुष मंत्रालय, नई दिल्ली को स्वीकृति हेतु भेज दी गई है। यह घोषणा स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने वन भवन के पलाश सभागार में आयोजित प्रदेश आयुर्वेद सम्मेलन के दौरान मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए की।

स्वास्थ्य मंत्री ने सम्मेलन में मौजूद चिकित्सकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार आयुष चिकित्सकों की सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने बताया कि समस्याओं के त्वरित निवारण हेतु जल्द ही चिकित्सकों के एक प्रतिनिधिमंडल को विभागीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय वार्ता के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

सम्मेलन के दौरान संगठन के महामंत्री डॉ. उमेश्वर शर्मा ने स्वास्थ्य मंत्री को आयुष चिकित्सकों की सात सूत्री मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा एक विशेष स्मारिका का विमोचन भी किया गया। परिचर्चा सत्र में सुदामा प्रसाद, जेवियर समाज सेवा संस्थान के प्रो. डॉ. अनंत कुमार, राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज बिहार के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभात कुमार द्विवेदी तथा डॉ. गौरव ने विचार व्यक्त किए, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. जगन्नाथ त्रिपाठी ने किया।

Verified by MonsterInsights