महिला सशक्तिकरण की नई पहल ‘वुमन ऑन व्हील्स’ शुरू

Live ख़बर

– रंजीत प्रसाद सिन्हा की रिपोर्ट

रोटरी क्लब ऑफ पटना ने आर्थिक आत्मनिर्भरता बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू किया महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट, ऋतुराज सिन्हा ने किया शुभारंभ

पटना, 25 जुलाई: महिला सशक्तिकरण और आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में रोटरी क्लब ऑफ पटना ने अपने महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट ‘वुमन ऑन व्हील्स’ का शुभारंभ किया। रोटरी भवन में आयोजित समारोह का उद्घाटन भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं एसआईएस ग्रुप के प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा ने किया।

कार्यक्रम के दौरान ऋतुराज सिन्हा ने रोटरी क्लब द्वारा संचालित सहेली केंद्र (महिला कौशल विकास केंद्र), एक्यूप्रेशर क्लिनिक और होम्योपैथी क्लिनिक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने क्लब की जनकल्याणकारी गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ समाज के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने भविष्य में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

रोटरी क्लब के पदाधिकारियों ने बताया कि ‘वुमन ऑन व्हील्स’ परियोजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें आत्मनिर्भर जीवन की ओर अग्रसर करना है। परियोजना को सफल बनाने में अंतरा मित्रा एवं अरिजीत मित्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

समारोह में वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज के समग्र विकास के लिए महिलाओं का आर्थिक रूप से सक्षम होना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना महिलाओं को रोजगार एवं आत्मनिर्भरता के नए अवसर प्रदान करेगी।

कार्यक्रम में क्लब की कोषाध्यक्ष सरिता प्रसाद, शैलेंद्र कुमार, संगीता वर्मा, अंजू गुप्ता, रूपेश गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, अनुज राज, अखिलेश कुमार, के.के. वर्मा, तुहिन शंकर सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Verified by MonsterInsights