-लाइव ख़बर नेशन || संतोष श्रीवास्तव
स्वास्थ्य मंत्री निशांत के निर्देश पर निगरानी व्यवस्था हुई सख्त, शिकायतकर्ताओं की पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय
पटना, 28 अक्टूबर 2026 : बिहार में नकली और घटिया गुणवत्ता वाली दवाओं के अवैध कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और शिकायत निवारण प्रणाली को और कड़ा कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने दवाओं की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने और नियमों की अनदेखी करने वाले दवा कारोबारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस मुहिम में जनभागीदारी बढ़ाने और लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया है।
आम नागरिकों की सुविधा के लिए विभाग ने विशेष ई-मेल आईडी और हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अब राज्य का कोई भी नागरिक सब-स्टैंडर्ड या नॉट ऑफ स्टैंडर्ड क्वालिटी (एनएसक्यू) दवाओं से जुड़ी शिकायत ई-मेल आईडी drugcomplaintbihar@gmail.com पर किसी भी समय दर्ज करा सकता है। इसके अलावा टेलीफोन नंबर 0612-4619634 पर सोमवार से शुक्रवार, सुबह 10:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक सीधे कॉल कर शिकायत दर्ज कराई जा सकेगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शिकायत करने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, जिससे लोग बिना किसी डर के सूचना साझा कर सकें।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने अधिकारियों को दवाओं की नियमित वैज्ञानिक जांच, मेडिकल स्टोरों के सघन औचक निरीक्षण और त्वरित सैंपलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का लक्ष्य एक पारदर्शी व्यवस्था और समयबद्ध जांच के जरिए राज्यभर में सुरक्षित दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर नागरिकों के स्वास्थ्य की रक्षा करना है।

